द फॉलो अप टीम, रांची:
हेमंत सोरेन हाजिर हों... विधानसभा स्पीकर रविन्द्र नाथ महतो के आते ही इस नारे के साथ विपक्ष के विधायक वेल में आकर प्रदर्शन करने लगे। विपक्षी विधायक यह मांग कर रहे थे कि सीएम हेमंत सोरेन जेपीएससी पर सदन में बयान दें। भाजपा के विधायक लगातर मुख्यमंत्री हाजिर हों का नारा लगा रहे थे। तभी मुख्यमंत्री सदन के अंदर प्रवेश कर गए। मुख्यमंत्री के आते ही विपक्ष के विधायक अपनी सीट पर जा बैठे। इसके थोड़ी देर बाद ही भानुप्रताप शाही मुख्यमंत्री से जेपीएससी पर बयान देने की मांग करने लगे। इसके बाद भाजपा के विधायक वेल में पहुंचकर हेमंत सोरेन हाय-हाय का नारा लगाने लगे।

पहली पाली में सदन में देर से आये मुख्यमंत्री
विपक्ष के विधायक हेमंत सोरेन हाजिर हों का नारा इसलिए लगा रहे थे, क्योंकि वह चाहते थे कि सीएम सदन में रहें। दरअसल सीएम पहली पाली में साढ़े बारह बजे के बाद सदन में पहुंचे थे।
अमिताभ चौधरी को बर्खास्त करो
भाजपा के विधायक जेपीएससी को लेकर लगातार सदन में नारेबाजी करते रहे। जेपीएससी के चेयरमैन अमिताभ चौधरी को बर्खास्त करने, पीटी परीक्षा रद्द करने और इसकी जांच सीबीआई से कराने की मांग कर रहे हैं।