logo

पाकिस्तान में भीषण सड़क हादसा! बस और ट्रक की सीधी टक्कर में 30 लोगों की मौत, 40 से ज्यादा घायल

10965news.jpg
द फॉलोअप टीम, डेस्क:

पाकिस्तान में एक भीषण सड़क हादसे की खबर सामने आई है। मिली जानकारी के मुताबिक पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में बस और टक्कर की सीधी टक्कर हो गई। हादसे में कम से कम 30 लोगों की मौत हो गई जबकि 40 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से जख्मी हैं। अलग-अलग स्त्रोतों से मिल रही जानकारी के मुताबिक 46 सीटों वाली इस बस में क्षमता से ज्यादा 75 लोग सवार थे। बस की छत में भी 15 लोग सवार थे। मृतकों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं।
 


सियालकोट से राजनपुर जा रही थी बस
मिली जानकारी के मुताबिक बस सियालकोट से राजनपुर जा रही थी तभी तेज गति की वजह से चालक ने नियंत्रण खो दिया। बस आगे जाकर सीधे एक ट्रक से जा टकराई। बस में सवार अधिकांश लोग सियालकोट की फैक्ट्रियों में काम करने वाले मजदूर बताए जा रहे हैं। वे सभी बकरीद के पर्व में शामिल होने अपने-अपने घर जा रहे थे। पाकिस्तान के गृहमंत्री ने घटना पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि अल्लाह मरने वालों को जन्नत नसीब करे। उनके रिश्तेदारों को दुख झेलने की ताकत दे। पाकिस्तान के सूचना प्रसारण मंत्री ने भी घटना पर दुख व्यक्त किया है। 



सूचना प्रसारण मंत्री ने घटना पर क्या कहा
पाकिस्तान के सूचना प्रसारण मंत्री फवाद चौधरी ने लिखा कि 30 लोगों की जान इस सड़क दुर्घटना में चली गई। एक मुल्क के तौर पर हम कब समझेंगे कि ट्रैफिक नियमों को तोड़ना जानलेवा होता है। सार्वजनिक वाहन चलाने वाले ड्राइवर कई लोगों की जिंदगियों के रखवाले होते हैं। फिलहाल राहत और बचाव टीमों को घटनास्थल की तरफ रवाना किया गया है। बस से शवों को निकाला जा रहा है। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।