logo

अधिकारियों ने रुकवाई नाबालिग लड़की की शादी, शिकायत मिलने पर की कार्रवाई

7697news.jpg
द फॉलोअप टीम, गढ़वा: 

नाबालिग लड़की की शादी करवाना एक परिवार को महंगा पड़ गया। शिकायत मिलने पर पदाधिकारियों ने लड़की के घर पहुंच कर उसकी शादी रुकवाई। मामला गढ़वा जिला के टंडवा प्रखंड स्थित दबगर मोहल्ले का है। यहां एक लड़की की शादी की तैयारी की जा रही थी। तभी चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर के जरिए जिला प्रशासन को सूचना मिली की लड़की नाबालिग है। सूचना पर अधिकारियों ने कार्रवाई की। 

पदाधिकारियों ने रूकवाई शादी
नाबालिग लड़की की शादी कराए जाने की सूचना मिलने पर प्रखंड विकास पदाधिकारी कुमुद झा और अंचलाधिकारी मयंक भूषण लड़की के घर पहुंचे। अधिकारियों ने लड़की की शादी रुकवाई। अधिकारियों ने जांच में पाया कि लड़की वाकई नाबालिग है। जन्मतिथि के मुताबिक 18 जून 2021 को लड़की 18 साल की होगी। पदाधिकारियों ने कहा कि कोई भी नाबालिग लड़की की शादी कराने की कोशिश करेगा तो उसे प्रशासन की कड़ी कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा। 

बीडीओ ने परिजनों को समझाया
इधर परिजनों का कहना है कि लड़की की उम्र 18 साल हो चुकी है। शादी की सभी तैयारियां की जा चुकी है। तिलक होने वाला है। काफी खर्चा हो चुका है। ऐसे में यदि शादी रूकती है तो बड़ी मुश्किल हो जाएगी। प्रखंड विकास पदाधिकारी ने परिजनों को समझाते हुए कहा कि आप शादी की बाकी रस्में निभा सकते हैं लेकिन लड़की की शादी तभी की जा सकती है जब वो 18 साल की हो जायेगी।