logo

झारखंड आंदोलनकारियों की याद में मेमोरियल पार्क बनाने के लिए अब बंधु तिर्की ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र

9729news.jpg
द फॉलोअप टीम, रांची:
कांग्रेस विधायक बंधु तिर्की और विधायक राजेश कच्छप 10 जून को मुख्‍यमंत्री हेमंत सोरेन से मिले थे। उन्‍होंने झारखंड अलग राज्य आंदोलन में शहीद हुए आंदोलनकारियों के स्मृति में राजधानी में मेमोरियल पार्क विकसित करने का आग्रह  किया था। दफॉलोअप ने तब आपको बताया था, झारखंड आंदोलन में शहीद आंदोलनकारियों की स्मृति में बने मेमोरियल पार्क। अब इस संबंध में बंधु तिर्की ने मुख्यमंत्री को पत्र लिख कर स्‍मरण कराया है। पत्र में झारखंड के आंदोलनकारियों के स्मरण में मेमोरियल पार्क निर्माण कराए जाने की मांग है। पत्र में कहा है एक लंबे संघर्ष के बाद झारखंड के अलग राज्य का सपना सरकार हो सका है। दिशोम गुरु शिबू सोरेन के अथक परिश्रम, बलिदान एवं संघर्षों को भी भुलाया नहीं जा सकता है उनके नेतृत्व में झारखंड अलग राज्य बना। उन्होंने एक लंबी लड़ाई लड़ी जिसमें  कई आंदोलनकारियों ने अपने प्राणों की आहुति दे दी। 

पहली बार आंदोलनकारियों को मिल रहा सम्मान 
बंधु ने लिखा है कि झारखंड अलग राज्य के 20 वर्षों के बाद पहली बार आपके नेतृत्व में आंदोलनकारियों को सम्मान देने का कार्य किया जा रहा है। आंदोलनकारियों के आश्रितों को सरकारी नौकरी दिए जाने की बात, पुलिस की गोली से घायल 40% दिव्यांग हुए आंदोलनकारियों के आश्रितों को भी लाभ,  शहीद परिवार के एक सदस्य को 7000 मासिक पेंशन का निर्णय एक सराहनीय पहल है। बंधु तिर्की ने आग्रह किया है कि रांची शहर के आसपास स्थल चयन कर झारखंड आंदोलन में अपने प्राणों की आहुति देने वाले आंदोलनकारियों की याद में स्मृति पार्क का निर्माण कराई जाए तथा उक्त स्थल को प्रेरणा स्थल के रूप में विकसित किया जाए।  साथ ही पार्क को झारखंडी कला-संस्कृति, सभ्यता भाषा और रहन-सहन खासकर जनजातियों की जीवन शैली का बृहद केंद्र बनाया जाए,जिससे झारखंड के युवा इस स्थल पर आकर प्रेरणा ले सकें।