द फॉलोअप टीम, रांचीः
नियुक्ति वर्ष खत्म होने में अब कुछ ही दिन बाकी रह गये है। ऐसे में अब सरकार की नींद खुली है और शायद सरकार नियुक्ति को लेकर सक्रिय भी हुई है। मुख्य सचिव सुखदेव सिंह ने 15 दिनों के अंदर सभी विभागों को संशोधित नियमावली के अनुरूप रिक्त पदों पर नियुक्ति के लिए कार्मिक विभाग को अधियाचना सौंपने का निर्देश दिया है।
इन विभागों को दिया गया निर्देश
सुखदेव सिंह ने सभी डिपॉर्टमेंट के अपर मुख्य सचिव, प्रधान सचिव, सचिव और विभागाध्यक्षों को पत्र लिखकर कहा है कि JSSC के द्वारा आयोजित की जाने वाली परीक्षाओं के लिए कार्मिक विभाग द्वारा मैट्रिक, इंटरमीडिएट, इंटरमीडिएट लेवल कंप्यूटर नॉलेज, डिप्लोमा, ग्रेजुएशन और ग्रेजुएशन लेवल टेक्नीकल योग्यता वाले पदों पर नियुक्ति के लिए परीक्षा संचालन नियमावालियों में संशोधन किया गया है। ऐसे में, सभी नियुक्ति सेवाशर्त नियमावली में संशोधन की कार्रवाई करने के बाद विभिन्न रिक्त पदों पर नियुक्ति के लिए कार्मिक विभाग को अधियाचना उपलब्ध कराया जाना आवश्यक है।

1 लाख नियुक्ति
सचिव ने 15 दिनों में अधियाचना मांगी है ताकि कार्मिक विभाग झारखंड कर्मचारी चयन आयोग को नियुक्ति प्रक्रिया के लिए अधियाचना भेज सके। विभिन्न विभागों की 1 लाख से अधिक पदों पर नियुक्तियों के लिए राज्य कर्मचारी चयन आयोग को अधियाचना भेजी जानी है। बता दें कि हेमंत सरकार ने JSSC के विभिन्न परीक्षा नियमावली में बदलाव किया है। हिंदी और इंग्लिश को भी हटा दिया गया है। वहीं, जनरल कटेगरी के कैंडिडेट्स के लिए झारखंड से ही मैट्रिक और इंटरमीडिएट की अनिवार्यता कर दी गई है।