logo

आदिवासी नृत्य महोत्सव के लिए छत्तीसगढ़ के CM ने हेमंत सोरेन को भेजा न्यौता

13768news.jpg

द फॉलोअप टीम, रांची:

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पत्र के माध्यम से मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन को अपने राज्य में आमंत्रित किया है। यह आमंत्रण 28 अक्टूबर से 1 नवंबर 2021 तक छत्तीसगढ़ में आयोजित "राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव 2021" में सम्मिलित होने के लिए है। मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में आज मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से विधायक एवं संसदीय सचिव छत्तीसगढ़ शासन विनोद चंद्राकर ने मुलाकात की। आये अतिथि ने कार्यक्रम में सम्मिलित होने के लिए आमंत्रण पत्र दिया। विनोद चंद्राकर ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि छत्तीसगढ़ में देश और विश्व की सबसे प्राचीन आदिम सभ्यताएं आज भी जीवित हैं। इन सभ्यताओं के संरक्षण तथा उनके मूल स्वरूप को अक्षुण्ण बनाए रखने की दिशा में छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा कार्य किए जा रहे हैं। 

 

 

28 अक्टूबर से 1 नवंबर कार्यक्रम 

उन्होंने कहा कि आदिवासी संस्कृति, लोक नृत्य, और लोक संगीत तथा लोक कलाओं को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। इसी कड़ी में आगामी 28 अक्टूबर से 1 नवंबर 2021 तक राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव 2021 का आयोजन किया जा रहा  है। इस महोत्सव में झारखंड सहित देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे आदिवासी लोक गीत-संगीत तथा नृत्य क्षेत्र के कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी जाएगी। विधायक विनोद चंद्राकर ने मुख्यमंत्री से कहा कि आपके से छत्तीसगढ़ की धरा में आयोजित इस महोत्सव की शोभा बढ़ेगी। 

 

बस्तर आर्ट से बनी स्मृति चिन्ह भेंट किया

विनोद चंद्राकर ने मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन को छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध आदिवासी लोक शिल्प बस्तर आर्ट से बनी स्मृति चिन्ह भेंट की। मुख्यमंत्री ने विनोद चंद्राकर को धन्यवाद दिया तथा उक्त महोत्सव के सफल आयोजन हेतु छत्तीसगढ़ सरकार को अग्रिम शुभकामनाएं भी दीं। मौके पर मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव राजीव अरुण एक्का, राज्य प्रशासनिक सेवा छत्तीसगढ़ के अधिकारी राकेश कुमार गोलछा एवं अन्य मौजूद थे।