द फॉलोअप टीम, खूंटीः
खूंटी में बालू तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गयी। खनन विभाग ने तोरपा थाना क्षेत्र के बड़काटोली, एड़मेड़े, कुल्डा, लुदमकेल, सैंसेरा, कोटेंगसेरा में छापामारी की, जिसमें बड़ी संख्या में अवैध बालू का भंडार जब्त किया गया है। छापेमारी में करीब 62000 सीएफटी बालू जब्त किया गया है। जिसकी कीमत करीब 15 लाख 50 हजार रुपये है। 15 लोगों के खिलाफ बालू तस्करी का मामला भी दर्ज किया गया है।
15 के खिलाफ मामला दर्ज
बता दें कि यह मामला खनन निरीक्षक सुबोध कुमार सिंह ने दर्ज करवाया है। उन्होने बताया कि आरोपियों के खिलाफ बालू के अवैध उत्खनन और भंडारण के आरोप में खान एवं खनिज अधिनियम 1957 की धारा 4, 21, झारखंड लघु खनिज समनुदान नियमावली 2004 के नियम 54 और झारखंड मिनरल (प्रिवेंशन ऑफ इलीगल माइनिंग, ट्रांसपोर्टेशन एंड स्टोरेज) रूल 2017 के नियम 7, 9 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी है।

इनके खिलाफ नामजद प्राथमिकी
जिनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है उनमें श्रवण साहू, छत्रपाल गोप, इंद्र गोप, महेंद्र गोप, उमेश गोप, लख्खे गोप, नंदलाल गोप, विजय गोप, उदम नाथ गोप, भूषण ओहदार, इंदर गोप, मनोज यादव, अरुण गोप, निलंबर यादव, चंदन जायसवाल आदि शामिल है। सुबोध कुमार सिंह ने कहा कि अवैध बालू के उत्खनन, भंडारण और तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जायेगा।