logo

बिहार में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां कैंसिल, विशेष परिस्थिति में ही मिलेगा अवकाश

8171news.jpg
द फॉलोअप टीम, पटना: 
कोरोना संकट के बीच बिहार पुलिस ने नया आदेश जारी किया है। आदेश के मुताबिक सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां कैंसिल कर दी गयी है। आदेश में कहा गया है कि किसी विशेष परिस्थिति में बारी-बारी से छु़ट्टियां दी जायेंगी। बिहार पुलिस मुख्यालय की तरफ से ये आदेश जारी किया गया है। 

बिहार में लगा दिया गया संपूर्ण लॉकडाउन
जानकारी के लिए बता दें कि बिहार में इस वक्त संपूर्ण लॉकडाउन लगा दिया गया है। बीते दिनों मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ट्वीट के माध्यम से जानकारी दी थी कि आपदा प्रबंधन सहित अन्य विभागों के पदाधिकारियों के सुझाव पर बिहार में संपूर्ण लॉकडाउन की घोषणा की जाती है ताकि कोरोना संक्रमण की चेन को तोड़ा जा सके। बिहार में ग्रामीण इलाकों में शादियां और श्राद्धकर्म आयोजित किया जा रहा था। मामलों में लगातार बढ़ोत्तरी हो रही थी। संक्रमित मरीजों की मौत का आंकड़ा भी बढ़ता जा रहा था। 

गाइडलाइन की वजह से बढ़ गया है वर्क लोड
बिहार में संपूर्ण लॉकडाउन की वजह से तमाम गाइडलाइन का पालन करवाने की जिम्मेदारी पुलिस को दी गयी है। कर्फ्यू सहित धारा-144 की निगरानी करने की जिम्मेदारी भी पुलिस की है। वर्क लोड काफी बढ़ गया है। कोरोना संक्रमित मरीजों का निधन होने पर उनकी अंत्येष्टि की जिम्मेदारी और हेल्पलाइन केंद्रों की जिम्मेदारी भी पुलिस के पास है। यही वजह है कि पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द की गयी हैं ताकि गाइडलाइन का पालन करवाने में मुश्किल ना आये। 

बिहार में 1 लाख 13 हजार एक्टिव कोरोना मरीज
बिहार में संक्रमण की रफ्तार काफी तेज है। बिहार में कोरोना का संक्रमण शहरों औऱ कस्बों से होता हुआ ग्रामीण इलाकों तक पहुंच चुका है। प्रदेश में बीते 24 घंटे में 14 हजार 836 मरीज मिले हैं। इस बीच 81 नए मरीजों की मौत हो चुकी है। राज्य में अब तक 5 लाख 38 हजार 677 लोग संक्रमित हो चुके हैं। अब तक 4 लाख 22 हजार 210 मरीज ठीक हो चुके हैं। राज्य में फिलहाल 1 लाख 13 हजार 425 एक्टिव मरीज हैं।