logo

6 साल का इंतजार खत्म, 19 जून को बिरसानगर PM आवास के लाभुकों को मिलेगी चाबी

तगुपू2.jpg

द फॉलोअप डेस्क
बिरसानगर स्थित प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत निर्मित फ्लैटों का वर्षों से इंतजार कर रहे लाभुकों को आखिरकार 19 जून को उनके आशियाने की चाबी मिल जाएगी। नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू की मौजूदगी में आयोजित कार्यक्रम में लाभुकों को फ्लैटों का आवंटन किया जाएगा। मंत्री ने इसकी जानकारी विधायक सरयू राय और जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू को दी है। विभाग की ओर से कार्यक्रम की आधिकारिक घोषणा जल्द किए जाने की संभावना है और तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

छह वर्षों से कर रहे थे आवास का इंतजार

बिरसानगर प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभुक पिछले करीब छह वर्षों से फ्लैट आवंटन का इंतजार कर रहे थे। इससे पहले कई बार चाबी वितरण की तिथियां घोषित हुईं, लेकिन विभिन्न कारणों से कार्यक्रम टलता रहा। पहले 30 अप्रैल तक चाबी सौंपने की बात कही गई थी, इसके बाद 6 मई को सामूहिक गृह प्रवेश का प्रस्ताव आया और फिर 15 जून की समयसीमा भी पूरी नहीं हो सकी। नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने बताया कि राज्यसभा चुनाव की प्रक्रिया चल रही है और 18 जून को मतदान होना है। चुनाव अवधि के दौरान कार्यक्रम आयोजित करना प्रशासनिक रूप से उचित नहीं माना गया। इसी वजह से अब 19 जून को लाभुकों को फ्लैटों की चाबी सौंपने का निर्णय लिया गया है। इस घोषणा के बाद लंबे समय से इंतजार कर रहे हजारों लाभुकों में खुशी का माहौल है।

मरम्मत कार्य भी होगा सरकारी खर्च पर

विधायक सरयू राय ने बताया कि उनकी मांग पर विभाग ने फ्लैटों में हुई टूट-फूट और आवश्यक मरम्मत का कार्य सरकारी खर्च पर कराने का निर्णय लिया है। वहीं विधायक पूर्णिमा साहू ने कहा कि लगातार प्रयास और विभिन्न मंचों पर मुद्दा उठाने का सकारात्मक परिणाम सामने आया है। उल्लेखनीय है कि बिरसानगर आवासीय परियोजना की शुरुआत 23 फरवरी 2019 को हुई थी और मार्च 2021 तक निर्माण पूरा करने का लक्ष्य रखा गया था। परियोजना के तहत 9,592 फ्लैटों का निर्माण किया गया, लेकिन आवंटन में लगातार देरी होती रही। अब लाभुकों को उनका आशियाना मिलने का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है।
 

Tags - Jharkhand Jamshedpur PMAY Housing Government