द फॉलोअप टीम, रांची:
भाजपा ने जेपीएससी पीटी परीक्षा में हुई गड़बड़ी की सीबीआइ जांच कराने और पीटी परीक्षा रद्द करने की मांग की है। रविवार को प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने कहा कि हमने जिन गड़बड़ियों को उजागर किया था, जिन आरोपों को लगाया था, वह सच साबित हुए। कल तक जिन 49 छात्रों को रिजल्ट में सफल घोषित किया गया था, उन्हें अब विफल घोषित किया गया। हमने जो आरोप लगाया था वह सही साबित हुआ। लेकिन यह तो गड़बड़ी की प्रारंभिक अवस्था है। इस पूरे मामले से पर्दा उठाना चाहिए। जेपीएससी परीक्षा रद होनी चाहिए और पूरे मामले की सीबीआइ जांच होनी चाहिए। यह परिस्थितियां जिसके कारण पैदा हुई उन पर एफआइआर होनी चाहिए।

सभी ओएमआर शीट सर्वाजनिक करे आयोग
दीपक प्रकाश ने कहा कि हमने पहले ही जेपीएससी परीक्षा की नियमावली 30 के तहत सभी बच्चों की ओएमआर शीट सर्वाजनिक करने की बात कही थी, हम इस बात पर अब भी कायम हैं। ओएमआर शीट अधिकृत वेबसाइट पर लोड की जाए। छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वालों के ऊपर मुकदमा होना चाहिए। राज्य सरकार जेपीएससी चेयरमैन को भी तत्काल बर्खास्त करे, क्योंकि वे जांच को प्रभावित कर सकते हैं।
भाजपा इस मामले को लेकर चलाएगी आंदोलन
भाजपा इस प्रकरण का सच सामने लाने के लिए लगातार संघर्ष करेगी। दीपक प्रकाश ने कांग्रेस पर भी निशाना साधा। कहा, कुछ कांग्रेसी नेता अखबारों में बयान दे रहे थे कि जेपीएससी में सबकुछ पाक-साफ है। अब सच सच उजागर होने के बाद वे छात्रों से माफी मांगे। उनके समर्थन के कारण उनकी पार्टी को भी नुकसान हुआ है।