द फॉलोअप टीम, दिल्ली:
नीति आयोग के सदस्य (स्वास्थ्य) डॉ. वीके पॉल ने कोविड वैक्सीन पर बड़ी जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि जेनोवा एमआरएनए वैक्सीन का दूसरे और तीसरे चरण का ट्रायल अच्छी तरह से हो रहा है। प्रक्रिया काफी अच्छी गति से आगे बढ़ रही है। वीके पॉल ने बताया कि वैक्सीन सामान्य तापमान पर भी स्थिर रहता है। उन्होंने कहा कि ये उल्लेखनीय संभावना और प्रौद्योगिकी है।
डॉ. वीके पॉल ने क्या-क्या सलाह दी
डॉ. वीके पॉल ने कहा कि मौजूदा परिस्थितियों में पूर्ण टीकाकरण, मास्क पहनना और सार्वजनिक स्थानों पर जाने से बचना काफी महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि भारत में उपलब्ध टीके काफी प्रभावी हैं। वैक्सीन का बूस्टर डोज दिया जाना है या नहीं इस पर फैसला मंथन के बाद लिया जायेगा। गौरतलब है कि फिलहाल भारत में ओमिक्रॉन का खतरा बढ़ता जा रहा है। स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव डॉ. लव अग्रवाल ने बताया कि फिलहाल 11 राज्यों में ओमिक्रॉन वेरिएंट के 101 मरीज मिले हैं।

कोविड प्रोटोकॉल का पालन जरूरी है!
इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च के महानिदेशक डॉ. बलराम भार्गव ने कहा कि हमें कोविड प्रोटोकॉल का पालन करते रहना होगा। मास्क का इस्तेमाल नियमित रूप से करना होगा। सार्वजनिक स्थानों पर जाने से बचना होगा। टीकाकरण जरूरी है। सभी लोगों को पूर्ण टीकाकरण करा लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि स्थिति को हलके में लेने की गलती नहीं करना चाहिए।
24 नवंबर को सामने आया था ओमिक्रॉन
गौरतलब है कि दुनिया को ओमिक्रॉन वेरिएंट के बारे में 24 नवंबर को सबसे पहली बार पता चला था। दक्षिण अफ्रीका ने विश्व स्वास्थ्य संगठन को इसके बारे में जानकारी दी थी। अब विश्व स्वास्थ्य संगठन ने बताया कि दुनिया के 72 से भी ज्यादा देशों तक ओमिक्रॉन फैल चुका है।