द फॉलोअप टीम, पटनाः
बिहार के बक्सर जिले के चौसा ख़िलाफ़तपुर में 10 साल पहले गायब हुआ एक लड़का वापस मिल गया है। 10 साल पहले जब लड़का गायब हुआ था तब घरवालों ने थाने में रिर्पोट नहीं दर्ज करवाई थी क्योंकि लड़के की बार-बार भागने की आदत थी, पहले वह भागता था फिर खुद ही वापस आ जाता था। लेकिन इस बार एक साल तक लड़का वापस नहीं आया तो घरवालों ने उसका अंतिम संस्कार कर दिया था। लेकिन अब 10 साल बाद पुलिस युवक की एक तस्वीर लेकर उसके घर पहुंची है और बताया है कि इतने सालों से वह पाकिस्तान की जेल में है।

2011 में गायब हुआ था
लड़के का नाम छवि है। वह 2011 में गायब हुआ था। उस वक्त वह 20 साल का था। घरवालों के मुताबिक, छवि की शादी हो गई थी एक बच्चा भी है, लेकिन जब छवि नहीं मिला तो पत्नी ने दूसरी शादी कर ली। छवि के पिता दुनिया भी छोड़ गए। अब जब उसके जिंदा होने बात पर बड़े भाई ने कहा है कि उसे खुशी है कि उसका भाई जिंदा है। हमें लगा था कि मर गया। लेकिन अब जबकि वह जिंदा है तो हम सरकार से चाहते हैं कि हमारा भाई वापस घर आ जाए।

क्या कहती है पुलिस
पुलिस का कहना है कि एक विशेष शाखा की तरफ से चिट्टी आई थी। कहा गया था कि आप पता लगाएं कि छवि नाम का कोई व्यक्ति बक्सर के खिलाफतपुर का रहने वाला है कि नहीं। हम जांच करके विस्तृत रिपोर्ट भेज रहे हैं। बाकी सारी चीजों की जानकारी संबंधित विभाग ही दे सकता है।