द फॉलोअप टीम, रांचीः
रांची का मौसम सुबह से ही साफ है, धूप खिली हुई है। हल्की-हल्की हवा चल रही है हवा में ठंडक भी है। रात में लोगों को ठंड से राहत नहीं मिल रही है। ठंड से बचने के लिए लोग घरों में अंगीठी, और हिटर का सहारा ले रहे हैं। गुरुवार को भी मौसम में तेज ठंडक बनी रहेगी। अब ऐसे में मौसम फिर करवट लेने को तैयार है। 9 से 12 जनवरी तक बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने राज्य के कुछ इलाकों में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश की संभावना जतायी है। जनवरी माह में ठंड का असर लंबे समय तक रहने का अनुमान है।

9 से 12 जनवरी बारिश की संभावना
फिलहाल पूरी जनवरी सुर्यास्त के बाद ठंड और बढ़ेगी। शुक्रवार से मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार आज से तीव्र पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने वाला है। इस वजह से देश के कई हिस्से में बादलों की आवाजाही शुरू होगी। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राजस्थान में चक्रवात जैसी परिस्थिति बनेगी। झारखंड पर भी इसका असर पड़ेगा। 9 से 12 जनवरी के दौरान बादल गरजने और बारिश की भी संभावना है। तापमान में तीन से 5 डिग्री तक की बढ़ोतरी हो सकती है।

8 डिग्री तक लुढ़क सकता है पारा
मौसम विभाग रांची की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार 6 जनवरी को धनबाद समेत जामताड़ा, देवघर, बोकारो, गिरिडीह, कोडरमा, रामगढ़ व हजारीबाग में सबसे ज्यादा ठंड रहने वाली है। धनबाद समेत इन जिलों में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री रहने की संभावना है। वहीं शेष जिलों में तापमान 10 डिग्री रहने की संभावना है।