logo

द फॉलोअप की खबर का असर: 27 खिलाड़ियों को सीएम ने दिया सीधी नियुक्ति का तोहफा

6517news.jpg
द फॉलोअप टीम, रांची:
आखिर द फॉलोअप की मुहिम ने रंग लाया। राज्य  का नाम देश-दुनिया में रौशन करने वाले खिलाड़ियों को नौकरी मिल गई। खुद सीएम हेमंत सोरेन ने 27 खिलाड़ियों को नियुक्ति पत्र सौंपा। इनमें 17 महिला और 10 पुरुष खिलाड़ी शामिल हैं। जबकि एक  खिलाड़ी को पहले ही नियुक्ति पत्र दिया जा चुका है। इन खिलाड़ियों को गृह विभाग में नौकरी दी गई है। मौके पर मुख्य सचिव सुखदेव सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव राजीव अरुण एक्का, पुलिस महानिदेशक नीरज सिन्हा और पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद और युवा कार्य मंत्रालय की सचिव पूजा सिंघल विशेष रूप से उपस्थित थीं।

खिलाड़ियों को सरकार का हिस्सा बनाएंगे: हेमंत सोरेन 
मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड में खेल लोगों के रग-रग में बसा है। बस उसे तराशने की जरूरत है। इस दिशा में सरकार ने काम शुरू कर दिया है। आने वाले दिनों में खेलों और खिलाड़ियों के लिए यह मील का पत्थर साबित होगा। खेल की दुनिया में झारखंड की शुरू से ही अलग पहचान रही है। यहां के  नौजवानों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। खिलाड़ियों को तलाशने और तराशने के साथ उन्हें सरकार का हिस्सेदार बनाया जाएगा। राज्य में खेलों का वातावरण बनाने के लिए सरकार हरसंभव कदम उठाएगी। राज्य में विभिन्न खेलों से संबंधित राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।


जो रह गए उन्हें भी मिलेगा नियुक्ति पत्र
खबर है कि और भी खिलाड़ियों को नियुक्ति पत्र मिलना था। लेकिन तकनीकी कारणों से नहीं मिल सका है। इनमें फरजाना, सरिता, लखन हांसदा की शैक्षणिक योग्यता, दिनेश, लवली, कृष्णा, विजय की उम्र सीमा को की जांच होनी बाकी है। जबकि सुकमती पूर्ती अनुपस्थित रही। मधुमिता, रितेश और भाग्यवती को भी नियुक्ति  पत्र नहीं मिला। क्योंकि भाग्यवती के लिए भी उम्र की अधिकतम सीमा को शांत करने की अनुशंसा की गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन खिलाड़ियों को आज सीधी नियुक्ति का लाभ नहीं मिला है, उन्हें निराश होने की जरूरत नहीं है। सरकार सभी खेलों और खिलाड़ियों के लिए नई कार्ययोजना के साथ सामने आएगी।
 
इन खिलाड़ियों को मिला नियुक्ति पत्र 
तीरंदाज़ी: लखी मंडल, जयलक्ष्मी लागुरी,  तुलसी हेंब्रम,  सुमनलता मुर्मू और सुकमति पूर्ति
वुशु: कुमारी प्रियंका, इंदु मुंडा,  राहुल मिंज, ज्योति कुमारी और दीपक बहादुर तितुंग
कराटे: अपर्णा कुमारी, देवानंद बास्के, सीमा कुमारी सिन्हा और विमला मुंडा
लॉनबाल :कविता कुमारी, आलोक लकड़ा,, मोहम्मद आबुतालिब अंसारी, राजीव कुमार साहू और नूतन मंजू मिंज
ताइक्वांडो: मनीषा सिंह,फणी भूषण प्रसाद, परवीन अख्तर, और प्रीति कुमारी
साइकिलिंग: नवीन कुमार राम और राकुमार भट्ट 
हैंडबॉल: वसीउल हसन
बॉक्सिंग: संगीता खलखो



फॉलोअप ने लगातार उठाया था सवाल
बता दें कि द फॉलोअप ने हेमंत सरकार की अगुवाई वाली सरकार के एक साल पूरे होने के दिन ही खिलाड़ियों की नियुक्ति  का सवाल उठाया था। उस दिन एक खिलाड़ी के हवाले से वीडियो में उनका दर्द साझा किया था। फिर खबर की फॉलोअप 2 फरवरी को की थी। टाइटल था,  घोषणा हुई 40 खिलाड़ियों की सीधी नियुक्ति होगी, मिली सिर्फ 1 खिलाड़ी को नौकरी। अभी 14 मार्च को जिन खिलाड़ियों ने वर्षों पसीना बहाकर खेला, उन्हीं के साथ 6 महीने से हो रहा है ‘खेला !’ शीर्षक खबर प्रसारित की थी।