logo

महिला दिवस पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने महिला विधायकों से की मुलाकात, तोहफा भी दिया

6126news.jpg
द फॉलोअप टीम, रांची: 
झारखंड विधानसभा के बजट सत्र के दौरान सदन में महिला दिवस भी मनाया गया। महिला दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने महिला विधायकों से मुलाकात की। विधायक अंबा प्रसाद, दीपिका पांडेय, सीता सोरेन, पुष्पा देवी और जोबा मांझी सहित अन्य महिला विधायकों से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मुलाकात की। मुख्यमंत्री की तरफ से महिला विधायकों को तोहफा भी दिया गया। 

सदन में महिला विधायकों का अभिनंदन
इससे पहले तमाम महिला विधायकों का विधानसभा परिसर में गुलाब देकर स्वागत किया गया। सदन के भीतर स्पीकर रबींद्रनाथ महतो ने सहित तमाम विधायकों ने महिला विधायकों का अभिनंदन किया। पुष्प गुच्छ देकर सदन में उनका स्वागत किया गया। अलग-अलग पॉलिटिकल पार्टियों की महिला विधायकों ने सियासी मतभेदों से इतर एक दूसरे को फूल देकर अभिवादन किया। इस बीच विधायक अंबा प्रसाद घोड़े पर सवार होकर विधानसभा पहुंची। दीपिका पांडेय सहित के वेश में सदन में पहुंची।

 झारखंड में केवल 10 महिला विधायक हैं
सदन में चर्चा के बीच विधायक मनीष जायसवाल ने सरकार से मांग की कि झारखंड में कामकाजी महिलाओं को 2 साल का मातृत्व अवकाश दिया जाये। बता दें कि झारखंड में विधानसभा की 81 सीटें हैं। 81 सीटों में से महज 10 महिला विधायक हैं। इनमें कांग्रेस से सर्वाधिक 4 महिला विधायक हैं। झारखंड मुक्ति मोर्चा की 3 महिला विधायक हैं वहीं भारतीय जनता पार्टी की 3 महिला विधायक हैं।