logo

कोल्हान की धरती पर बोले सीएम युवा पीढ़ी, कृषक, श्रमिकों के चेहरे पर मुस्कान ही सरकार की प्राथमिकता

कोल्हान की धरती पर बोले सीएम युवा पीढ़ी, कृषक, श्रमिकों के चेहरे पर मुस्कान ही सरकार की प्राथमिकता

द फॉलोअप टीम, चाईबासाः 
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन कोल्हान प्रमंडल के चाईबासा में आयोजित 'आपके अधिकार-आपकी सरकार आपके द्वार' कार्यक्रम में आज पहुंचे थे। वहां वह मेगा ऋण, परिसंपत्ति, अनुदान और नियुक्ति पत्र वितरण पर बोल रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा, संक्रमण काल से झारखण्ड बाहर निकल रहा है। संक्रमण के दौरान राज्य को दिशा देने की कार्ययोजना बनी। इसका ही फल है कि सरकार आपके द्वार कार्यक्रम की योजना लेकर आई है, जहां चंद मिनटों में समस्या का समाधान हो रहा है। झारखण्ड वीरों की भूमि है, उन्ही वीरों के सपनों को पूरा करने के लिए सरकार हर जरूरतमंदों के दरवाजे तक पहुंच रही है। 


स्किल यूनिवर्सिटी की स्थापना होगी 
मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखण्ड में जल्द स्किल यूनिवर्सिटी की स्थापना होगी। जहां नौजवानों को हुनरमंद बनाकर रोजगार से जोड़ने की पहल होगी। स्थानीय भाषाओं को प्राथमिकता के साथ परीक्षाओं में शामिल किया गया है। युवा अपनी भाषा से साथ आगे बढ़े सकते हैं। दो दिन पूर्व सरकार ने बैंक प्रबंधन से पूछा क्यों आदिवासी समुदाय को लोन नहीं मिलता है। बैंक प्रबंधन लीक से हटकर व्यवस्था करें ताकि आदिवासी समुदाय व्यापार समेत अन्य क्षेत्र में आगे बढ़ सके। सरकार दिव्यांगो को पेंशन योजना से जोड़ने का कार्य कर रही हैकोरोना से मृत परिवार के मुखिया के आश्रितों को 50 हजार रुपये सहयोग राशि भी दी जाएगी। 


 

कई लोग रहे उपस्थित 
इस अवसर पर मंत्री आलमगीर आलम, मंत्री चम्पई सोरेन, मंत्री  जोबा मांझी, मंत्री सत्यानंद भोक्ता, मंत्री हफीजुल अंसारी, सिंहभूम सांसद गीता कोड़ा, पूर्व मुख्यमंत्री मधुकोड़ा, विधायकगण, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव, विभिन्न विभागों प्रधान सचिव, सचिव, कोल्हान प्रमंडल के उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक, पदाधिकारीगण, विभिन्न गांव और पंचायतों से आये ग्रामीण एवं लाभुक उपस्थित थे।