logo

कांग्रेस नेता कमलेश नारायण की निर्मम हत्या, पत्नी भी गंभीर रूप से घायल 

13792news.jpg

द फॉलोअप टीम, रामगढ़:

भुरकुंडा ओपी क्षेत्र अंतर्गत अपराधियों ने कांग्रेस नेता कमलेश नारायण शर्मा की हत्या कर दी है। अपराधियों ने उनकी पत्नी चंचला शर्मा को भी हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया है। प्राथमिक उपचार कर उन्हें रिम्स रेफर कर दिया गया है। भुरकुंडा पुलिस ने कमलेश के शव को पोस्टमार्टम के लिए रामगढ़ भेज दिया है। आस पास के लोगों को शनिवार की अहले सुबह घटना की जानकारी हुई। चंचला शर्मा के चेहरे और सिर पर गंभीर चोट के निशान हैं। जानकारी के मुताबिक़ अपराधी कमलेश के घर की खिड़की से लोहे की छड़ को काटकर अंदर घुसे और उसके बाद अपराधियों ने कमलेश और उनकी पत्नी पर घातक हथियार से हमला किया।

 

हत्या की वजह स्पष्ट नहीं 

शनिवार की सुबह से पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पुलिस फिलहाल हत्या की वजह जानने का प्रयास कर रही है। स्थानीय लोग चर्चा कर रहे हैं कि अपराधियों ने घर में लूट के बहाने प्रवेश किया होगा। पूरा मामला कमलेश की पत्नी चंचला शर्मा के होश में आने के बाद ही सामने आएगा। मृतक कमलेश नारायण शर्मा पतरातू क्षेत्र में एक मजबूत नेता के रूप में जाने जाते थे। वह पतरातू प्रखंड युवा कांग्रेस के प्रखंड अध्यक्ष भी रहे थे। उसके बाद वह रामगढ़ जिला कांग्रेस के महामंत्री भी रहे थे। 

कांग्रेसियों में आक्रोश है

कमलेश नारायण शर्मा की निर्मम हत्या के बाद कांग्रेसियों में काफी आक्रोश है। आस पास दहशत का माहौल है।  क्षेत्र में लगातार अपराधियों और अवैध कारोबारियों की बढ़ती गतिविधियां लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गया है। क्षेत्र से कोयला, बालू, जुआ और कबाड़ी का बड़े पैमाने पर अवैध कारोबार चलता है।