द फॉलोअप टीम, रांचीः
कोरोना की दूसरी लहर खत्म होने के बाद लोगों ने अभी-अभी राहत की सांस ही ली थी कि नये वैरिएंट ओमिक्रॉन ने आकर फिर लोगों का चैन कहीं ना कहीं छीन लिया है। लोग इस बात से डर गये है कि कहीं यह वैरिएंट फिर से फैल ना जाए और लोगों की जिंदगी फिर बर्बाद ना होनी शुरू हो जाए। नये वैरिएंट को लेकर राज्य की सरकार अर्लट पर हैं, इसी बीच रांची में एक कोरोना मरीज पाई गई हैं। जिससे लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।

रिम्स में किया गया भर्ती
मरीज को रिम्स के न्यू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। 50 वर्षीय कोरोना संक्रमित महिला केरल की रहने वाली है। यहां रांची के गोंदलीपोखर में रह रही थी। महिला के सैंपल की जीनोम सिक्वेंसिंग भी कराई जाएगी ताकि कोरोना के वैरिएंट का पता चल सके। फिलहाल ऐसा अनुमान लगाया जा रहा है कि यह ओमिक्रॉन वैरिएंट नही हो सकती है, हालांकि अभी कोई पुष्टि नहीं की गई है।
3 मरीज हो गये
रिम्स के न्यू ट्रॉमा सेंटर में पहले से दो मरीज भर्ती है। अब केरल वाली महिला को लेकर कुल तीन मरीज हो गये है। गौरतलब है कि कोरोना वायरस का ओमिक्रॉन वेरिएंट पहली बार 24 नवंबर को दुनिया के सामने आया। दक्षिण अफ्रीका के एक निजी लैब में इसकी पहचान हुई। उसी दिन दक्षिण अफ्रीकी सरकार ने विश्व स्वास्थ्य संगठन को इस बात से अवगत करवाया। विश्व स्वास्थ्य संगठन ने इसे चिंता पैदा करने वाला बताया और दुनिया के तमाम देशों को सतर्कता बरतने का निर्देश जारी किया।