द फॉलोअप टीम, गढ़वाः
गढ़वा में स्वतंत्रता सेनानी कौशल कुमार ठाकुर मेमोरियल 13वीं झारखंड राज्य क्रॉस कन्ट्री चैम्पियनशिप 2021 का आयोजन 23 दिसंबर को किया जाएगा। इस प्रतियोगिता में राज्य के सभी जिला से 1000 से अधिक खिलाड़ी भाग लेंगे। इस प्रतियोगिता की सारी तैयारी पूरी कर ली गई है। आयोजन समिति के पदाधिकारियां ने प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर यह जानकारी दी।
मिथिलेश ठाकुर ने प्रतियोगिता पर क्या कहा
झारखंड राज्य एथलेटिक्स एसोसिएशन के जेनरल सेक्रेटरी सीडी सिंह ने बताया कि मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर तथा गढ़वा जिला के आयोजन समिति के प्रयास से इस प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता में ऑनलाइन एवं ओपन इंट्री की भी व्यवस्था की गई है। पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री विधायक मिथिलेश कुमार ठाकुर ने कहा कि क्रॉस कंट्री प्रतियोगिता गढ़वा के लिए ऐतिहासिक है। इस प्रतियोगिता से राज्य के एथलीटों का मनोबल बढ़ेगा तथा खेल के क्षेत्र में उनका हौसला और बुलंद होगा।

पहली बार हो रहा ऐसा आयोजन
इसी प्रतियोगिता के आधार पर झारखंड राज्य टीम का चयन किया जाएगा। इसमें चयनित प्रतिभागी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे। गढ़वा जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन के अध्यक्ष एसके पांडेय ने कहा कि एकीकृत बिहार से अब तक के इतिहास में झारखंड में पहली बार क्रॉस कन्ट्री चैम्पियनशिप का इतना भव्य आयोजन गढ़वा में किया जा रहा है। इसमें सबसे अधिक संख्या में खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता बालक एवं बालिका वर्ग मिलाकर 10 ग्रुप में आयोजित की जाएगी। रेस के दौरान मेडिकल टीम, एंबुलेंस आदि की व्यवस्था रहेगी। कन्या मध्य विद्यालय के मैदान से दौड़ प्रारंभ किया जाएगा। जो रंका मोड़, टंडवा होते हुए पांच किलोमीटर का लूप रखा गया है। इस दौरान ट्रैफिक सुरक्षा एवं पारदर्शिता की पूरी व्यवस्था की गई है।
खिलाड़ियों को मिलेगी पूरी सुविधा
गढ़वा जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन के सचिव आलोक मिश्रा ने कहा कि खिलाड़ियां को रेलवे स्टेशन एवं बस स्टैंड से उनके गंतव्य तक पहुंचाने की सारी व्यवस्था की गई है। मौके पर आयोजन समिति के अध्यक्ष नसीम अख्तर, उपाध्यक्ष गुड्डू सिंह, मदनी खान, कंचन साहू, उदय नारायण तिवारी, गढ़वा ओलंपिक संघ के अध्यक्ष शैलेन्द्र पाठक, झारखंड एथलेटिक्स संघ के तकनीकी पदाधिकारी अनवर हुसैन, अशोक भट्टाचार्य, राकेश सिंह, मो. कमरूद्दीन, जैनुल कुरैशी, राजेश कॉल, सागर घासी, राजकमल तिवारी आदि लोग उपस्थित थे।
