logo

पारिवारिक मतभेद के बावजूद मामा साधु के साथ दिखते थे तेजप्रताप, फिर आज क्यों हो गये इतने बेगाने

पारिवारिक मतभेद के बावजूद मामा साधु के साथ दिखते थे तेजप्रताप, फिर आज क्यों हो गये इतने बेगाने

द फॉलोअप टीम, पटनाः
बिहार के पूर्व सीएम व राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के छोटे बेटे व पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव  की शादी के बाद उनके मामा साधु यादव खफा नजर आ रहे हैं, लेकिन एक समय ऐसा भी था जब साधु यादव को लालू यादव का राइट हैंड कहा जाता था। तेजस्वी की पत्नी के बारे में साधु सार्वजनिक तौर पर भला-बुरा कहते दिख रहे हैं, ऐसे में अपने मामा को करारा जवाब देने के लिए तेजप्रताप भी अब सामने आ गये है। उन्होंने भी अपने मामा को खुली चुनौती दे दी है और कह दिया है कि अगर मां का दूध पिया हो तो मैदान में आ जाओ। लेकिन कहा जा रहा है लालू और साधु के बीच तकरार रहते हुए भी तेजप्रताप और साधु को अक्सर साथ देखा गया है। दोनों एक दूसरे का कई मामलों में साथ देते दिखे हैं, तेजप्रताप ने कभी भी अपने मामा के साथ रिश्ते को खराब नहीं किया था, लेकिन इस बार जब बात उनके छोटे भाई पर आयी तो वह मैदाने जंग में कूद पड़े हैं। 


 

कब देखा गया था दोनों को साथ
वर्ष 2018 में तेजप्रताप यादव जनता दरबार लगाया करते थे। उस समय एक महिला दहेज की शिकायत लेकर आई थी, तेजप्रताप ने फुलवारी शरीफ थाने में फोन किया था, तो थानाध्यक्ष ने उन्हें कुछ उल्टा पुल्ट कह दिया था, जिससे तेज प्रताप गुस्सा हो गये थे और थाना का घेराव करने पहुंच गये थे।  तभी वहां उनके मामा साधु यादव भी मौजूद थे। मीडिया को साधु यादव ने बताया कि तेज प्रताप ने उन्हे फोन किया था इसलिए वो आए हैं।  मेरा घर पास में ही है। सभी लोग थाने में पहचानते हैं। इसलिए भांजे ने बुलाया तो आए और मामले को रफा-दफा करने आया था। तब से लोगों के मन में बात घर कर गई है कि भले ही साधु से राबड़ी देवी और लालू के रिश्ते खराब हैं लेकिन तेज अपने मामा को नहीं भूलते। 


बच्चों पर लगाम लगाने की दी नसीहत 
लालू यादव ने अब तेजस्वी के हाथों में राजद की बागडोर सौंप दी है। साधु यादव ने नसीहत तक दे दी कि लालू- राबड़ी अपने बच्चों पर लगाम लगाएं नहीं तो परिणाम बहुत बुरा होगा। बता दें कि साधु यादव 2014 में राबड़ी देवी के खिलाफ सारण से चुनाव लड़ चुके हैं। जिसके बाद दोनों के बीच रिश्तों में दरार पड़ गयी। और अब मामला बहुत ही बिगड़ चुका है।