द फॉलोअप टीम, रांचीः
राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष रेखा शर्मा दो दिनों से रांची दौरे पर थीं। वह राज्य के डीजीपी के रवैये से कुछ नाराज दिखीं। उन्होंने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि झारखंड में महिला हिंसा के 300 से अधिक मामलों पर डीजीपी को रिपोर्ट देने को कहा गया था, जिनमें 25 मामले बहुत ही गंभीर थे। लेकिन, इस बारे में डीजीपी नीरज सिन्हा बिल्कुल भी गंभीर नहीं दिखे, वो बहुत ही कैजुअल थे। ना तो उनकी कोई तैयारी थी और वह किसी भी मामले से संबंधित कार्रवाई की जानकारी आयोग को दे पाएं।

राज्य महिला आयोग का गठन नहीं होना चिंताजनक
रेखा शर्मा ने कहा कि वह रिनपास भी गई वहां भी कई महिलाएं ठीक थीं लेकिन उन्हे मानसिक रोगियों के साथ रखा गया है। रेखा शर्मा ने रिनपास के निदेशक को लिखा गया विधानसभा अध्यक्ष रवींद्र नाथ महतो का एक पत्र भी पत्रकारों को दिखाया और कहा क्या विधानसभा अध्यक्ष डॉक्टर हैं, जो अपनी तरफ से यह लिखकर दे रहे हैं महिला मानसिक रोगी है। उन्होंने कहा कि राज्य महिला आयोग का अब तक गठन नहीं किया जाना चिंताजनक है। इस बारे में सीएम से भी बात हुई है।
पहले से तय नहीं था एजेंडा
अधिकारियों के मुताबिक बैठक के लिए कोई पूर्व निर्धारित एजेंडा नही था, लेकिन फिर भी महिलाओं की समस्याओं पर चर्चा हुई। राष्ट्रीय महिला आयोग के लंबित मामलों की कोई सूची हाल में प्राप्त नहीं हुई है, लेकिन राष्ट्रीय महिला आयोग के सभी लंबित पत्रों पर 15 दिनों के भीतर तथ्यात्मक प्रतिवेदन भेजने का निर्देश डीजीपी द्वारा एडीजी सीआईडी को दिया गया।