logo

भारत में बंद हो जाएगा ट्विटर, फेसबुक और इंस्टाग्राम, जानिए! क्यों हो रही है चर्चा

8955news.jpg
द फॉलोअप टीम, डेस्क: 

फेसबुक, ट्विटर और इंस्टाग्राम कल यानी 26 मई से बंद हो जायेगा। सुनने में थोड़ा अजीब लगा ना लेकिन ऐसा होने की प्रबल संभावना है। 3 महीने पहले केंद्र सरकार की इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रोद्योगिकी मंत्रालय ने इन सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के लिए कुछ गाइडलाइन तय की थी। निर्देशित किया गया था कि 26 मई तक गाइडलाइन पर अमल किया जाये। कल इसकी मियाद पूरी होने जा रही है। अभी तक किसी भी सोशल साइट ने इस पर अमल नहीं किया है। 

केंद्र सरकार ने दिया था 3 महीने का समय
3 महीने पहले यानी 25 फरवरी 2021 को केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स और आईटी मंत्रालय की तरफ से प्रेस कांफ्रेंस किया गया था। इस प्रेस कांफ्रेस में केंद्रीय आईटी और संचार मंत्री रविशंकर प्रसाद और सूचना प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर शामिल हुए थे। इसमें भारत में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म की गतिविधियों से संबंधित कुछ गाइडलाइन लाई गयी थी। ये गाइडलाइन इसलिए लाई गयी थी ताकि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म में आपत्तिजनक सामग्री और फेक न्यूज के ट्रेंड पर रोक लगाई जा सके। इन गाइडलाइन को इम्पलीमेंट करने के लिए 3 महीने का वक्त दिया गया था। 

स्ट्रीमिंग सेवा रेग्यूलेंटिंग और फेक न्यूज कंट्रोल
रविशंकर प्रसाद और प्रकाश जावड़ेकर ने कहा था कि स्ट्रीमिंग सेवाओं का दुरुपयोग रोकने तथा गलत सूचना के प्राथमिक सोर्स का पता लगाने के लिए सोशल मीडिया साइट्स को नियम बनाने होंगे। किसी ने किसी आपत्तिजनक सामग्री पर आपत्ति जताई तो 24 घंटे में उस पर संज्ञान लेना होगा। दोषी पाए जाने पर कार्रवाई करनी होगी। यदि कार्रवाई नहीं की गई तो इसका कारण बताना होगा। तकनीकी शब्दों में समझें तो शिकायत का समाधान, आपत्तिजनक सामग्री की निगरानी, कप्लायंस रिपोर्ट और आपत्तिजनक सामग्री को हटाना ये चार नियम बनाये गये थे। इसके लिए ऐसे नोडल अधिकारी नियुक्त करने का निर्देश दिया गया था जिसका कार्यक्षेत्र भारत हो। 

अभी तक गाइडलाइन पर नहीं किया है अमल
ट्विटर, फेसबुक या इंस्टाग्राम में से किसी ने भी अभी तक उन गाइडलाइन पर अमल नहीं किया है। गाइडलाइन को पालन करने की मियाद कल यानी 26 मई को खत्म हो रही है। यही वजह है इस सवाल का कि ये सोशल मीडिया साइट्स बंद हो सकती हैं। फेसबुक ने इस पर बयान जारी किया है। फेसबुक ने कहा कि वो भारत सरकार की नई गाइडलाइन का सम्मान करती है। गाइडलाइन पर अमल करने को लेकर सरकार से बातचीत चल रही है। जल्दी ही इस पर कुछ सकारात्मक बात सामने आएगी। ट्विटर ने इसके लिए और 6 माह का वक्त मांगा है। ट्विटर का कहना है कि उसे गाइडलाइन पर हेडक्वॉर्टर से कोई निर्देश नहीं मिला है जोकि अमेरिका में है। अभी तक केवल कू एप ही ऐसा है जिसने सरकार की गाइडलाइन पर अमल किया है। 

जानिए! भारत में सोशल मीडिया के कितने यूजर्स
भारत में फेसबुक यूजर्स की संख्या 41 करोड़ से ज्यादा है। व्हाट्सएप के भारत में 53 करोड़ से ज्यादा यूजर्स हैं। भारत में इंस्टाग्राम के कुल 21 करोड़ उपभोक्ता हैं। भारत में कई मीडिया संस्थान फेसबुक के जरिए संचालित होते हैं। व्हाट्सएप पर भी व्यवसाय संबधी गतिविधियां संचालित की जाती है। यदि ये सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स बंद होते हैं तो इसका व्यापक प्रभाव इन सोशल मीडिया यूजर्स और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर पड़ेगा। परिणाम क्या आता है फिलहाल इसका इंतजार करना होगा।