logo

हिंदू रीति-रिवाज से निकली कुत्ते की शवयात्रा! तेरी मेहरबानियां गीत के साथ अंतिम यात्रा में उमड़ा हुजूम

8634news.jpg
द फॉलोअप टीम, समस्तीपुर:
विद्यापतिनगर प्रखंड के शेरपुर पंचायत में सबकी आंखे नम करने वाला वाकया हुआ। यहां  नरेश साह नामक एक व्यक्ति के पालतू कुत्ते की मौत हो गयी थी। मंगलवार को हिंदू रीति-रिवाज से उसकी अंतिम यात्रा निकाली गई। बैंड-बाजे की धुन पर शवयात्रा निकली। हर किसी की आंखें नम थीं। कुत्ते के मालिक नरेश ने बताया कि टॉनी सिर्फ कुत्ता नहीं था बल्कि हमारे घर-टोला का रक्षक था। 

तेरी मेहरबानियां वाला गीत बजाया गया
नरेश ने एक ठेले पर टॉनी का शव रखा। फूल-माला और कफन से शव को लपेटा। ठेले पर साउंड सिस्टम भी लगाया गया था जिसमे तेरी मेहरबानियां गीत की धुन थी। जहां-जहां से ये शवयात्रा निकली, लोग जुड़ते चले गए और एक हुजूम बनता गया। मानो ऐसा लग रहा हो जैसे जिले के किसी बड़े व्यक्ति की मौत हुई हो। जानवरों के प्रति प्यार केवल फिल्मों में ही नही बल्कि असल जिंदगी में भी होते है। टॉनी के प्रति लोगों में वैसा ही लगाव था। काफी लोग इसमें शामिल हुए। 

मालिक ही नहीं पड़ोसियों का रक्षक भी था
नरेश साह ने बताया कि 12 साल पहले उन्होंने सोनपुर मेले टॉनी को खरीदा था। बचपन से ही उसे अपने बच्चे की तरह दुलार प्यार से रखा था। नरेश ने बताया कि उसके लिए यह कुत्ता काफी भाग्यशाली था। उसने जब से घर के अंदर कदम रखा, घर में तरक्की शुरू हो गई। आज जब कुत्ता मरा तो तेरी महरबानियां गाने के साथ कुत्ते की शवयात्रा निकाली गई। टॉनी आसपास के लोगों का भी रक्षक था। सबने मिलकर उसे ऐसी अंतिम विदाई दी। जिस तरह से इंसान की अंतिम यात्रा निकाली जाती है। उसी तरह टॉनी के लिए अर्थी बनवाई। गंगा की सहायक वाया नदी के किनारे उसे दफनाया गया।