द फॉलोअप टीम, रांचीः
दिसंबर का महीना शुरू है और अभी भी जैक की 10वीं व 12वीं की परीक्षा समय पर होने को लेकर संशय बना हुआ है। परीक्षा की संभावित तिथि दिसंबर और मई माह के बीच में रखी गई है। अभी तक परीक्षा आयोजन कराने का प्रभार किसी को सौंपा नहीं गया है। काउंसिल में अभी तक अध्यक्ष पद खाली है, इसलिए परीक्षा आयोजन को लेकर कोई निर्णय नहीं हो पा रहा है।
विभाग की ओर से सचिव को वित्तीय प्रभार दिया गया है लेकिन जब तक परीक्षा आयोजन कराने का प्रभाव सचिव को नहीं दिया जाता तब तक परीक्षा आयोजन नहीं किया जा सकता।

सचिव नहीं ले पा रहे निर्णय
सचिव महिप कुमार सिंह बताते हैं कि परीक्षा का आयोजन को लेकर कई तैयारियां की जा चुकी है। इसमें छात्रों की एडमिट कार्ड से लेकर रोल कोड, सेंटर आदि सभी चीज तैयार है लेकिन जब तक आदेश नहीं आता तब तक वह परीक्षा आयोजन को लेकर निर्णय नहीं ले सकते हैं। हालांकि उन्होंने उम्मीद जताई है कि सरकार की ओर से जल्द इस मामले पर फैसला लिया जाएगा । बताया जा रहा है कि अध्यक्ष पद पर भी जल्द नियुक्ति की जा सकती है।
ओमीक्रोन के बीच परीक्षा लेना चुनौती
इधर कोनोना के नए वेरिएंट ओमीक्रोन के बीच परीक्षा लेना भी जैक के लिए बड़ी चुनौती होगी । परीक्षा आयोजन को लेकर अब सरकार की गाइड लाइन का इंतजार है ताकि जैक की ओर से आगे की रणनीति तैयार की जा सके। अगर अध्यक्ष का पूरा प्रभार सचिव को मिलता है तो परीक्षा आयोजन का फैसला सचिव खुद ले सकेंगे । बता दें कि परीक्षा नहीं होने से लाखों बच्चे परेशान हो रहे हैं