द फॉलोअप टीम, रांची:
लोहरदगा विधानसभा सीट से आजसू पार्टी के पूर्व विधायक कमल किशोर भगत का निधन हो गया। कमल किशोर भगत शुक्रवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में अपने कमरे में मृत पाये गये। मिली जानकारी के मुताबिक वो बीते कुछ समय से बीमार चल रहे थे। हैरानी की बात ये है कि दिवंगत कमल किशोर भगत की पत्नी भी बेहोशी की हालत में मिली। उनको गंभीर हालत में हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया।
डॉ. उरांव ने निधन पर दुख व्यक्त किया
अब प्रदेश सरकार में वित्त सह खाद्य आपूर्ति मंत्री और लोहरदगा से मौजूदा विधायक डॉ. रामेश्वर उरांव ने कमल किशोर भगत के निधन पर दुख प्रकट किया है। अपने शोक संदेश में उन्होंने कहा कमल किशोर भगत राज्य के युवा एवं जुझारू नेता थे। उनके अंदर काफी संभावनाएं थी। उनके निधन से राज्य को एक अपूरणीय क्षति हुई है। उन्होंने कहा कि विचारों के भिन्नताओं के बावजूद व्यक्तिगत रुप में उनके साथ अच्छे संबंध थे और उनके निधन से मुझे गहरा दुख पहुंचा है। डॉ. उरांव ने कमल किशोर भगत की पत्नी नीरु शांति भगत के उत्तम स्वास्थ्य की कामना ईश्वर से की है।

कांग्रेस के कई नेताओं ने शोक व्यक्त किया
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ नेता आलोक कुमार दूबे, लाल किशोर नाथ शाहदेव एवं डॉ राजेश गुप्ता छोटू ने भी आजसू नेता एवं लोहरदगा के पूर्व विधायक कमल किशोर भगत के निधन पर गहरा दुख एवं शोक प्रकट किया है। पार्टी नेताओं ने कहा कि कमल किशोर भगत हमेशा गरीबों और जरुरतमंदों की सेवा में लगे रहते थे। बीमार होने के बावजूद अपने क्षेत्र के लोगों की समस्याओं सुनते थे। कांग्रेस नेताओं ने उनकी पत्नी नीरू शांति भगत जो कि बेहोशी हालत में हैं, शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना ईश्वर से की है।