logo

डीवीसी और जेबीवीएनएल के झगड़े में पिस रही आम जनता, 16 घंटे तक कट रही बिजली

डीवीसी और जेबीवीएनएल के झगड़े में पिस रही आम जनता, 16 घंटे तक कट रही बिजली

द फॉलोअप टीम, धनबाद : 
49 दिन से डीवीसी अपने कमांड एरिया के सात जिलों में 10 घंटे तक बिजली काट रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों  16 घंटे तक बिजली कटी रह रही है। अब तक भी जेबीवीएनएल-डीवीसी विवाद थमता नहीं दिख रहा है। नेता-अधिकारी चुप हैं, लेकिन कोई परेशान है तो वो है आम जनता । डीवीसी और जेबीवीएनएल के बीच 600 मेगावाट बिजली सप्लाई करने की एग्रीमेंट हुई है  लेकिन बकाया होने की वजह से डीवीसी 300 मेगावाट से भी कम बिजली सप्लाई कर रहा है।

 

जेबीवीएनएल के कार्यपालक अभियंता शैलेंद्र भूषण तिवारी ने बताया कि डीवीसी से धनबाद में 160 से 180 मेगावाट बिजली सप्लाई के लिए मिलती थी। फिलहाल 60 मेगावाट से भी कम बिजली मिल रही है। जेबीवीएनएल पर 2173 करोड़ भुगतान का दबाव बनाने के लिए डीवीसी ऐसा कर रहा है। डीवीसी ने नोटिस जारी कर कह दिया है कि बकाया का भुगतान नहीं होगा तो इसी तरह से बिजली कटौती जारी रहेगी। डीवीसी के अनुसार अप्रैल से नवंबर 2021 के बीच में हर माह 549 करोड़ रुपये तक बकाया हो गया है, जबकि 1624 करोड़ रुपये पहले से बकाया है। बकाया बढ़ कर 2173 करोड़ रुपये हो गया है। 

अब तक कोई पहल नहीं
इस समस्या को समाप्त करने के लिए अब तक विभागीय स्तर पर कोई पहल शुरू नहीं हुई है और न ही किसी सामाजिक-व्यावसायिक संगठन या राजनीतिक पार्टियों का ध्यान इस पर गया है जबकि, बिजली कटौती का सबसे ज्यादा असर उद्योग पर सीधे तौर पर पड़ रहा है। आम लोगों का जीवन अस्त-व्यसत है फिर भी कोई इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है। पांच नवंबर से जब बिजली काटना शुरू किया गया था तब तीन घंटे तक बिजली काटी जा रही थी लेकिन अब यह बढ़ते-बढ़ते 15-16 घंटे की हो गयी है।