द फॉलोअप टीम, जमशेदपुर :
शहर के एमजीएम थाना अंतर्गत सिरोमन नगर सतलुज ब्लॉक में रहने वाले बुजुर्ग संतोक सिंह (70वर्ष) की बुधवार की रात 5वीं मंजिल की छत से गिरकर मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वे टीनप्लेट के रिटायर्ड कर्मी थे और वो कई बीमारियों से पीड़ित थे। बेटे ने आंशका जताई है कि चक्कर आने की वजह से पिता छत से गिर गए होंगे। इसके साथ ही आत्महत्या करने का भी शक जाहिर किया जा रहा है। फिलहाल पुलिस मामले की जाँच में जुटी है।
अस्वाभाविक मौत का मामला दर्ज
जानकारी के अनुसार गुरुवार को शव का पोस्टमाॅर्टम हुआ। मामले में थाना में मृतक के पुत्र दलजीत सिंह के बयान पर अस्वाभाविक मौत का मामला दर्ज किया गया है। पुत्र दलजीत सिंह ने बताया कि उनके पिता को शुगर समेत कई बीमारियां थी। इसके साथ ही बेटे ने बताया कि बुधवार की रात में मां अमृत कौर के साथ पिता छत पर टहलने गए थे। कुछ देर बाद पिता ने मां से पीने के लिए पानी मांगा जैसे ही वे पानी लेने नीचे आ गई। इसी दौरान पिता छत से गिर गए। आवाज सुन सभी नीचे पहुंचे और उन्हें लेकर आस्पताल गए। जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।