logo

प्रयाग: इलावास से इलाहाबास होते हुए इलाहाबाद बने शहर में अकबर का योग

14136news.jpg

बोधिसत्व, मुंबई:

इलाहाबाद शहर के मूल संस्थापक अकबर थे। अकबर की देन से इलाहाबाद आज भी जिंदा है। मैं इलाहाबादियों से पूछता हूँ आज भी गंगा यमुना की बाढ़ से शहर को कौन बचाता है। अगर अकबर का बनवाये बांध न हो तो आज भी इलाहाबाद का अस्तित्व एक बरसात ही है। जो इलाहाबाद को जानते हैं मैं उनसे पूछता हूँ अकबर के बांध के पहले इलाहाबाद में आबादी की संभावना कैसे रही होगी। गंगा-कछार के धरातल से भी नीचे है अल्लापुर अलोपीबाग बैरहना और तुलारामबाग टैगोरटाउन का धरातल। सिविललाइंस कटरा और मम्फोर्डगंज का कुछ हिस्सा ऊँचा है। भारद्धाज आश्रम और आनंद भवन के आसपास भी कुछ ऊँचे भूभाग है। यहाँ तब भी मुनियों के आश्रम रहे होंगे। लेकिन आबादी का कहीं कोई जिक्र नहीं है। इलाहाबाद वालों जो आपको दो महान नदियों की बाढ़ की विभीषिका से बचाता है वह निर्माण हुमायूँ के पुत्र अकबर का है। दारागंज से एलनगंज के बीच लगभग 2 किलोमीटर का बांध। जिसे आप अब केवल बांधरोड कहते हो। दूसरी ओर जमुना के तट को बांधा।   

अकबर के पहले के मध्यकाल में उस इलाके में शासन और सत्ता के केन्द्र कड़ा मानिकपुर जौनपुर और चुनार थे। अकबर ने संगम पर एक मजबूत किला बनवाकर कड़ा और कोसम की जगह जंगलों वन और डूब वाली भूमि पर एक नगर संभव किया। जिसे भी मेरी इस स्थापना पर आपत्ति हो वह बताए कि बांधों का चौतरफा घेरा जब न था तो गंगा का पानी बघाड़ा वाले कछार से और जमुना की ओर से शहर में दाखिल होने से कौन रोकता था। आप नाम बदलो। हारे हुए लोगों और उनके नगरों के नाम बदले जाने की एक सामंती परम्परा रही आई है। लेकिन अकबर ने काशी, अयोध्या मथुरा हरिद्वार उज्जैन विन्ध्याचल मैहर चित्रकूट इन बड़े तीर्थों के नाम क्यों नहीं बदले? अगर काफिरों को नीचा दिखाना होता तो ये बदलाव व्यापक प्रभाव डालते। रोचक बात है कि किसी नदी का नाम नहीं बदला गया। किसी पहाड़ किसी झरने का नाम नहीं बदला गया। पूरे मुगल सरकार में । गंगा यमुना सरयू चंबल केन बेतवा बरुणा गंडक सोन घाघरा व्यास झेलम रावी सिंध चेनाब सुतलज जंमू तवी किसी नदी नाले का नाम नहीं बदला। हिमालय हरिद्वार से मंगाकर गंगा जल पीता रहा अकबर। 

 

 

कितने कम दूरंदेश थे मुगल। अकबर तो पूरा मूर्ख था सूर्यसह्रनाम रटने में लगा था। टोडरमल खत्री बीरबल पाण्डे मानसिंह कछवाहा को नवरत्न बनाकर सरकार चलाता रहा। हारे लोगों के भगवानों के प्रिय भगवान राम और सीता के नाम पर सिक्के जारी करना यह बताता है कि पराजितों के समूल नाश की मानसिक औकात नहीं थी उसमें। और उसका नवरत्न मानसिंह बरसाने में राधारानी का मंदिर बनवाता रहा। सरकार की नाक के नीचे। वह मंदिर आज भी मान मंदिर के नाम से मौजूद है। विधर्मियों की धार्मिक संस्थापनाएँ होती रहीं और अकबर तानसेन से रागरागिनी सुनता रहा। तुलसीदास राम का चरित गाते रहे उसके शासन में। सूर की कृष्ण लीला वृंदावन में चलती रही। पूरी भक्ति कविता गाई गई उस अकबर की सरकार में। उसे रोकना होता तो यह साहित्य सृजन रोकना था। उल्टे उसका एक प्रिय  सिपहसालार कवि रहीम तो वैष्णव हो गया। पुष्टि मार्ग का अनुयायी। बीस भाषाओं का ग्यानी फारसी तुर्की अरबी संस्कृत का प्रकांड पंडित होकर ब्रज में बरवै और नीति के दोहे रचता रहा। 

इसे भी पढ़ें

इंस्‍टाग्राम पर एक शहर को लेकर क्‍यों न बिछ जाए हैशटैग की रेल

हारे लोगों की भाषा संस्कृति से प्रेम करने वाले मूर्ख थे सब मुगल। रहीम को फारसी से हिलना नहीं था और तुलसी सूर कुम्भन सबको दो थप्पड़ लगा कर आगरे से लेकर अगरोहा तक कहीं कैद रखना एक अपराजेय सम्राट के लिए इतना कठिन काम तो न रहा होगा। उसे जौनपुर में पुल नहीं बनवाना था। बस जौनाशाह की जगह हर नये पुराने निर्माण को अकबर द्वारा तामीर किया गया की मुनादी करवानी थी। लेकिन तब उसके इंतकाल पर जौनपुर इलाहाबाद मीरजापुर बनारस शोक में न डूबते। यहाँ के बाजार हफ्तों अपने शहंशाह के जाने का मातम न मनाते। अकबर के समकालीन कवि बनारसीदास जैन के अर्धकथानक में अकबर के न रहने का शोक देखा जा सकता है।आप अकबर के संस्थापित शहर का नाम बदलो। लेकिन जन के मन से खुरचकर अकबर को मिटाने की क्या तरकीब निकालोगे?

नोट: 1-अकबर ने सियाराम सिक्का जारी किया। नीचे उसका चित्र नीचे दे रहा हूँ । अकबर के सिक्के की जानकारी मुझे पहलीबार गीताप्रेस की कल्याण पत्रिका से मिली थी। वह अंक अभी भी मेरे पास है।

2-अकबर द्वारा इलाहावास या इलाहाबाद की नींव डालने का संदर्भ पृष्ठ भी यहाँ जोड़ दिया है। यह प्रयाग प्रदीप नामक किताब का एक पृष्ठ है। जो मूल रूप से इलाहाबाद का एक जीवंत और प्रमाणिक इतिहास है। इसके लेखक श्री सालिग्राम श्रीवास्तव जी हैं। यह किताब 1937 में हिंदुस्तानी अकादमी से प्रकाशित है। यहाँ दिए पृष्ठ में तीन लाल निशान वाले स्थान देखें।

 

- "गंगा यमुना के बीच की सुरक्षित भूमि " नगर नहीं भूमि। 
- प्रयाग में ठहरा जिसे लोग प्रायः 'इलाहाबास' कहते थे। 
- और प्रयाग में जहाँ गंगा यमुना का जल एक साथ पहुँचता है, एक नगर की नींव डाली और कुछ किलों को भी बनवाया। 

तथ्य यही है कि प्रयाग एक तीर्थ भर था। यहाँ कुछ मंदिर और पुजारी थे। मुनियों के आश्रम ते। लेकिन कोई नगर न था। नगर की नींव सम्राट अकबर ने डाली। उस भूभाग को "इलाहाबास" स्थानीय लोग कहते थे। वह इलावास की ही स्मृति थी जो बिगड़ कर इलाहाबास के रूप में बनी रही। अकबर ने नींव पूज कर नगर बसाया। आप उसके द्वारा स्थापित शहर का नाम बदल कर नगर का इतिहास बदल रहे हैं। यह अन्याय है। अराजकता है। कुराज है। अनैतिहासिक कदम है।  

(मूल नाम अखिलेश कुमार मिश्र। उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में छोटे से गाँव भीखारीपुर के निवासी। मिज़ाज से कवि। पेश से धारावाहिक लेखक। कविता संग्रह- दु:ख तंत्र, सिर्फ कवि नहीं, हम जो नदियों के संगम हैं, खत्म नहीं होती बात प्रकाशित। भारत भूषण अग्रवाल स्मृति पुरस्कार, संस्कृति सम्मान, हेमंत स्मृति सम्मान, गिरिजा माथुर स्मृति सम्मान जैसे सम्मान से समादृत। कई टीवी धारावाहिक का लेखन। अभी स्टार प्लस और डिज्नी हॉट स्टार पर उनका धारावाहिक "विद्रोही" प्रसारित हो रहा है। संप्रति मुंबई में रहकर टीवी और फिल्मों के लिए लेखन।)

नोट: यह लेखक के निजी विचार हैं। द फॉलोअप का सहमत होना जरूरी नहीं। हम असहमति के साहस और सहमति के विवेक का भी सम्मान करते हैं।