द फॉलोअप टीम, रांचीः
राजधानी रांची के लोगों को अब और भी सुविधा मिलने वाली है। झारखंड सरकार और परिवहन मंत्रालय ने राजधानी में बढ़ते ट्रैफिक के कारण राहगीरों को होने वाली परेशानी को ध्यान में रखते हुए शहर के कुल 9 जगहों पर स्वचालित सीढ़ी वाले फुट ओवरब्रिज बनाने का फैसला किया है। गौरतलब है कि चर्च कॉम्प्लेक्स के पास मौजूद फुट ओवरब्रिज का प्रयोग ना के बराबर हो रहा है। माना जा रहा है कि सीढ़ियां चढ़ने के कारण लोग इसका इस्तेमाल कम कर रहें हैं। इसी को देखते हुए एस्केलेटर युक्त फुट ओवरब्रिज बनाने की योजना तैयार की गयी है।

कहां बनेगा एस्केलेटर युक्त फुट ओवरब्रिज
आपको बता दें कि इस योजना की पहल पहले भी हुई है। उस समय 4 जगहों अलबर्ट एक्का चौक, किशोरगंज, न्यूक्लियस मौल और चर्च कॉम्प्लेक्स के पास फुट ओवरब्रिज बनाया जाना था, लेकिन बढ़ते ट्रैफिक को देखते हुए शहर में और पांच व्यस्त जगहों रातू रोड चौक, बिरसा चौक, हरमू चौक, बिग बाजार और रोशपा टॉवर के पास भी फुट ओवरब्रिज बनायें जायेंगे।
क्या आएगा खर्च
जुडको ने कार्ययोजना तैयार करर इसका टेंडर जारी कर दिया है। 8 जनवरी टेंडर डालने का अंतिम तारीख है। एस्केलेटर और एलिवेटर वाले एक फुट ओवरब्रिज के निर्माण पर करीब 2.5 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। इन फुट ओवरब्रिज के जरिये सड़क पार करने के लिए लोगों को सीढ़ियां चढ़ने की जरूरत नहीं पड़ेगी। शॉपिंग मौल में मौजूद एस्केलेटर वा एलिवेटर की तरह लोग फुट ओवरब्रिज पर चढ़ेंगे और दूसरी तरफ उतर जायेंगे।