द फॉलोअप टीम, रांची:
केंद्र सरकार द्वारा झारखंड में दो नए एक्सप्रेसवे के निर्माण कराए जाएंगे। यह निर्माणकार्य भारतमाला प्रोजेक्ट के तहत होगा। पहला एक्सप्रेसवे ओडिशा के संबलपुर से रांची तक होगा। जिसकी लंबाई 146.2 किलोमीटर होगी और दूसरा छत्तीसगढ़ के रायपुर से गुमला-रांची होते हुए धनबाद तक सड़क बनाई जायेगी। इसके तहत ओरमांझी से गोला होते हुए बोकारो तक की एक्सप्रेसवे रहेगा। इसकी लंबाई 700 किलोमीटर होगी। इन दोनों एक्सप्रेसवे के साथ ही रक्सौल-हल्दिया एक्सप्रेसवे का भी निर्माण कराया जाएगा जो बिहार, झारखंड से होते हुए पश्चिम बंगाल के हल्दिया तक जाएगा।

ग्रीन फील्ड प्रोजेक्ट होगा
विभिन्न मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार झारखंड की कनेक्टिविटी को नया आयाम देने वाली ये सड़क परियोजनाएं ग्रीन फील्ड प्रोजेक्ट के रूप में तैयार होंगी। इसके तहत फोर लेन सड़कें बनेंगी, जो खेतों-खलिहानों से गुजरेंगी। इस सड़क में कम से कम घुमावदार मोड़ होंगे। संबलपुर से रांची तक की ग्रीन फील्ड प्रोजेक्ट की लंबाई 146.2 किलोमीटर है। यह एक्सप्रेसवे ओड़िशा के लिट्टीबेड़ा में यह सड़क शुरू होगी जो झारखंड के खूंटी जिला होते हुए रांची के आउटर रिंग रोड में आकर मिलेगी। घुमाव कम हो इसके लिए खेतों से होते हुए नई सड़क निकाली जाएगी। इस सड़क को फोर और छह लेन बनाने की योजना है।