logo

अभी खत्म नहीं होगा किसान आंदोलन, सरकार को माननी होंगी ये मांगें: दर्शन पाल सिंह

अभी खत्म नहीं होगा किसान आंदोलन, सरकार को माननी होंगी ये मांगें: दर्शन पाल सिंह

द फॉलोअप टीम, दिल्ली: 

किसान नेता दर्शन पाल सिंह ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि किसान निकट भविष्य में आंदोलन समाप्त नहीं करेंगे। दर्शन पाल सिंह ने कहा कि सभी किसान संगठनों के नेताओं ने कहा कि जब तक किसानों के खिलाफ दर्ज मामले वापस नहीं लिये जाते वे वापस नहीं जाएंगे। उन्होंने कहा कि सरकार को स्पष्ट संदेश दिया है कि हम आंदोलन वापस नहीं लेने वाले। 

इन शर्तों पर ही खत्म होगा आंदोलन
किसान नेता दर्शन पाल सिंह ने कहा कि जब तक किसान आंदोलन के दौरान कृषकों के खिलाफ दर्ज मामले वापस नहीं लिये जाते। आंदोलन के दौरान जान गंवाने वाले किसानों के आश्रितों को उचित मुआवजा नहीं मिलता। तब तक किसान आंदोलन खत्म नहीं करेंगे। गौरतलब है कि आज संयुक्त किसान मोर्चा की बड़ी बैठक आयोजित की गई थी। बैठक के बाद एक पांच सदस्यीय समिति के गठन की घोषणा की गई। ये समिति आधिकारिक रूप से सरकार से वार्ता करेगी। 

एसकेएम ने किया समिति का गठन
गौरतलब है कि कृषि कानून वापस लिया जा चुका है। कृषि मंत्री ने कहा है कि किसानों को आंदोलन खत्म कर घर लौट जाना चाहिए। किसानों का कहना है कि जब तक एमएसपी को लेकर ठोस कानून नहीं बनता। किसान आंदोलन में जान गंवाने वाले किसानों के आश्रितों को उचित मुआवजा नहीं मिलता। किसानों पर दर्ज मुकदमे वापस नहीं होते आंदोलन जारी रहेगा। 

तीन नये कृषि कानून लाई थी सरकार
गौरतलब है कि बीते वर्ष केंद्र सरकार मानसून सत्र में तीन नये कृषि कानून लाई थी। बिल का विपक्ष ने भी विरोध किया। किसानों ने पहले छिटपुट आंदोलनों के जरिये इसकी वापसी की मांग की। आखिरकार 26 नवंबर 2020 से किसान दिल्ली-हरियाणा-पंजाब बॉर्डर पर धरने पर बैठ गये। पंजाब, हरियाणा और पश्चिमी यूपी के अधिकांश किसान इसमें शामिल थे। अनेक उतार-चढ़ाव से गुजरता हुआ ये आंदोलन अब तक जारी है। 1 वर्ष से ज्यादा वक्त बीत चुका है।