logo

महिला मानव तस्कर गिरफ्तार, काम दिलाने के नाम पर लड़कियों को ले जा रही थी ठगकर

महिला मानव तस्कर गिरफ्तार, काम दिलाने के नाम पर लड़कियों को ले जा रही थी ठगकर

द फॉलोअप टीम, हजारीबागः

झारखंड में लड़कियों को नौकरी दिलाने के नाम पर उनकी तस्करी करने का मामला थमने का नाम नहीं ले रहा है। लड़कियां महिलाएं काम के अभाव में तस्करों के झांसे में आ जाती हैं और फिर दूसरे राज्य में भेज दी जाती हैं, जहां उनके साथ जानवरों से भी ज्यादा बुरा सुलुक किया जाता है। ताजा मामला हजारीबाग से आया है जहां से 20 लोगों को मानव तस्कर के चंगुल से छुड़ा लिया गया है। पदमा ओपी पुलिस की टीम ने तस्करी के लिए ले जाई जा रही छह महिलाओं, दो पुरुषों, 10 किशोरियों व दो बच्चों समेत 20 लोगों को छुड़ाया है। इन सभी को बस से तमिलनाडु  ले जाया जा रहा था।  पुलिस ने एक महिला तस्कर को भी गिरफ्तार किया है।


 

महिला के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
मुक्त कराए गए लोग चतरा के मयूरहंड और हजारीबाग के चौपारण क्षेत्र के हैं। महिला तस्कर सुदामा देवी भी चौपारण की है। महिला के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वहीं छुड़ाए गए सभी बच्चों को उज्जवला चाइल्ड लाइन को सौंपा गया है। 


काम दिलाने का झांसा 
मुक्त कराये लोगों ने बताया कि उन्हे घरों में काम दिलाने का भरोसा दिलाकर उन्हें कोयंबटूर (तमिलनाडु) ले जाया जा रहा था। वे बहुत गरीब हैं और उनके पास जीविका का साधन नहीं हैं। प्रभारी ने बताया कि मुक्त कराये लोगों को बाल कल्याण केंद्र (सीडब्लूसी ) हजारीबाग को सौंपा गया है।