द फॉलोअप टीम, रांची:
झारखंड में पेट्रोल-डीजल के दाम पर सियासत जारी है। वैट की दर में कटौती करने के दबाव के बीच झारखंड के वित्त मंत्री डॉ. रामेश्वर उरांव के साफ- साफ कहा दिया कि राज्य में सरकार पेट्रोल-डीजल के दाम कम नहीं करेगी। जिसे जो तर्क देना है देते रहे। उन्होंने बिहार और दूसरे राज्यों से झारखंड की तुलना करते हुए कहा कि अभी भी झारखंड में पेट्रोल के दाम कम हैं।
रेट पर सियासत जारी
केंद्र सरकार और भाजपा शासित राज्यों की ओर से करों में कटौती किए जाने के बाद से झारखंड आदि राज्यों में भी वैट में कटौती का दबाव बढ़ रहा है, लेकिन राज्य सरकार के वित्त मंत्री डॉ. रामेश्वर उरांव ने साफ कर दिया है कि पेट्रोल डीजल के दामों में कोई कटौती नहीं होगी।

रघुवर सरकार के कार्यकाल की दर ही लागू
वित्त मंत्री डॉ. रामेश्वर उरांव ने सोमवार को कहा कि 2014 में केंद्र सरकार का पेट्रोल डीजल पर टैक्स 9 प्रतिशत के करीब था जो धीरे-धीरे 30 प्रतिशत तक पहुंच गया। अभी भी 30 प्रतिशत टैक्स केंद्र की ओर से लिया जा रहा है, उन्होंने केंद्र सरकार से और टैक्स कम करने की मांग की। वित्त मंत्री डॉ. रामेश्वर उरांव ने कहा कि रघुवर सरकार का कार्यकाल में झारखंड में 22 फीसदी वैट की व्यवस्था लागू थी, वही आज भी लागू है। वर्तमान सरकार ने टैक्स की दर नहीं बढ़ाई है।
कई राज्यों ने वैट में की कटौती
बता दें कि झारखंड के पड़ोसी राज्य बिहार में जनता की मांग को देखते हुए पेट्रोल पर 3. 20 रुपये, जबकि डीजल पर 3. 90 रुपये वैट की कटौती की है। इसके अलावा देश के 9 राज्यों ने 7 रुपये तक की वैट में कटौती की है। दिल्ली की केजरीवाल सरकार ने हाल ही में पेट्रोल डीजल पर वैट की दर में कटौती की है। उधर पेट्रोल डीजल एसोसिएशन ने भी झारखंड सरकार से वैट कम करने की मांग की है उनका तर्क है कि ऐसा करने से सरकार को ज्यादा राजस्व की प्राप्ति होगी।