logo

मलूटी पहुंचकर पूर्व सीएम रघुवर दास ने मोलाक्षी मंदिर में की पूजा-अर्चना, हेमंत सरकार पर साधा निशाना

मलूटी पहुंचकर पूर्व सीएम रघुवर दास ने मोलाक्षी मंदिर में की पूजा-अर्चना, हेमंत सरकार पर साधा निशाना

द फॉलोअप टीम, दुमका: 

झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और बीजेपी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवर दास शनिवार को दुमका जिला के शिकारीपाड़ा अंतर्गत मलूटी गांव पहुंचे। यहां रघुवर दास ने मोलाक्षी मंदिर में पूजा-अर्चना की। मोलाक्षी मंदिर में विधिवत पूजा के बाद रघुवर दास ने बीजेपी कार्यकर्ताओं के साथ मलूटी गांव में आयोजित जन चौपाल में भाग लिया। उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत की और उनकी समस्या से अवगत हुये। 

राज्य की जनता को गुमराह किया गया! 
इस दौरान झारखंड की मौजूदा हेमंत सोरेन सरकार पर निशाना साधते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की जनता को गुमराह किया जा रहा है। झारखंड मुक्ति मोर्चा ने चुनाव से पहले लोगों के सामने बड़े-बड़े वादे किये थे। कहा था कि पेंशन की राशि 1 हजार रुपये से बढ़ाकर 2500 रुपये की जायेगी। आवास योजना में भी राशि बढ़ाई जायेगी। परिवार के प्रत्येक सदस्य के लिए अलग कमरा होगा, लेकिन ये सारे चुनावी वादे हवा-हवाई साबित हुये। बीते 2 साल में एक भी काम नहीं हुआ। 

हेमंत सरकार में महिलायें असुरक्षित हैं! 
पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि मौजूदा सरकार में महिलायें असुरक्षित हैं। इस सरकार में नारियों का अपमान किया जा रहा है। हत्या और बलात्कार की घटनायें हो रही हैं लेकिन सरकार जस की तस है। उन्होंने कहा कि झामुमो सरकार में युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा है। बेरोजगारी भत्ता देने का वादा किया गया था लेकिन वो भी नहीं मिला। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि शिकारीपाड़ा में अधिकांश क्रशर और खदान बंद होने की कगार पर हैं। केवल झामुमो के लोगों का ही क्रशर चल रहा है। 

झामुमो पर लगाया परिवारवाद का आरोप! 
रघुवर दास ने जन चौपाल में झारखंड मुक्ति मोर्चा पर परिवारवाद का भी आरोप लगाया। कहा कि पूरी पार्टी एक परिवार पर केंद्रित है। उनको छोड़कर अन्य किसी को कोई लाभ नहीं मिल रहा है। जन-चौपाल में शामिल होने आये सभी आदिवासी धर्म-गुरुओं को रघुवर दास ने वस्त्र देकर सम्मानित किया। कहा कि यही लोग हैं जो आदिवासी और उनकी संस्कृति को बचाने का प्रयास कर रहे हैं। 

जन चौपाल कार्यक्रम में शामिल हुये कार्यकर्ता
मौके पर भारतीय जनता पार्टी के दुमका जिला अध्यक्ष परितोष सोरेन, जिला मंत्री, जिला उपाध्यक्ष राम नारायण भगत, शिकारीपाड़ा  पूर्वी मंडल अध्यक्ष शुभाशीष चटर्जी, जितेन दास आदि कई भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता एवं काफी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।