logo

"विनाश वाला विकास" के लिए धन्यवाद मोदी जी- डॉ. अजय कुमार

9984news.jpg
द फॉलोअप टीम, रांची: 

कांग्रेस पार्टी के पूर्व सांसद और झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के पूर्व अध्यक्ष अजय कुमार ने आवश्यक वस्तुओं की बढ़ती कीमत, बढ़ती बेरोजगारी और गरीबी को लेकर प्रेस कांफ्रेंस किया। डॉ. अजय कुमार ने कहा कि भारत में प्रत्येक व्यक्ति महामारी से लड़ने के लिए संघर्ष कर रहा है। लोगों ने अपनी बचच चिकित्सा बिल पर खर्च कर दी। ऐसे वक्त में सरकार मनमानी कर रही है। 

मौजूदा सरकार में बढ़ी कमरतोड़ महंगाई
डॉ. अजय कुमार ने कहा कि केंद्र सरकार मध्यम  और गरीब वर्ग के लोगों को राहत देने, सहायता पहुंचाने की बजाय पेट्रोल, डीजल, खाद्य तेल और रसोई गैस की कीमतें बढ़ाने में व्यस्त है। उन्होंने कहा कि मौजूदा बीजेपी सरकार बेरोजगारी, गरीबी को नियंत्रित कर पाने में विफल रही है। 

मोदी सरकार में 25 करोड़ लोग गरीब हो गए
झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के पूर्व अध्यक्ष डॉ. अजय कुमार ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में 27 करोड़ से ज्यादा गरीबों को गरीबी रेखा से बाहर निकाल गया। मौजूदा बीजेपी सरकार में 25 करोड़ लोग फिर से गरीबी रेखा से नीचे चले गए। उन्होंने कहा कि, आपको आश्चर्य होगा कि भारत में 3 करोड़ मध्यम वर्ग के लोग जो कि कुल आबादी का 40 फीसदी थे, अब गरीब हो गए। तकरीबन 10 करोड़ लोग बेरोजगार हो गए। बताइए, ये विकास है या विनाश है। 

मौजूदा सरकार को गरीबों से कोई हमदर्दी नहीं
डॉ. अजय कुमार ने मौजूदा केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि मौजूदा सरकार को भारत की आम जनता से कोई हमदर्दी नहीं है। हर रोज सरकार केवल और केवल अपनी छवि चमकाने में लगी रहती है।