logo

लव ट्राई एंगल में हुई थी आदिम जनजाति लड़के की हत्या, चार आरोपी गिरफ्तार

3645news.jpg

द फॉलोअप टीम, गुमला:
गुमला पुलिस ने तुसगांव गांव के तीन मुहान पर 24 दिसम्बर की रात हुई आदिम जनजाति सूरज कोरवा हत्या की गुत्थी सुलझा ली है। पुलिस ने इस मामले में कुल आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सूरज की हत्या उसकी नाबालिग प्रेमिका के दूसरे प्रेमी ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर की थी। सूरज की प्रेमिका का फूलचंद से भी प्रेम संबंध था। लड़की दोनों से ही फोन पर बात करती थी। इस बात की जानकारी होने के बाद फूलचंद गुस्से से आग हो गया, और फिर हत्या करने की योजना बना डाली। इसके बाद उसने अपने साथियों के साथ मिलकर सूरज की हत्या कर दी।

आरोपियों के पास से मोबाइल बरामद
पुलिस ने फूलचंद खड़िया, संजीत कोरवा, अनिल कोरवा और कमल कोरवा को इस मामले में गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही उनके पास से मृतक का मोबाइल और अभियुक्तों का खून लगा कपड़ा बरामद किया है। एसपी हृदीप पी जनार्दनन ने बताया कि गुरुवार की रात्रि सूरज कोरवा की पत्थर से कुचल कर हत्या कर दी गई थी। दूसरे दिन पुलिस ने शव को बरामद किया था। सभी आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है। शनिवार को उन्हें जेल भेज दिया गया।  बताते चलें कि घटना के दिन सूरज कोरवा शाम में घर से थोड़ी दूर पर स्थित खलिहान में पुआल रखने का काम कर रहा था। इसके बाद रात में वह अपने घर नहीं लौटा। परिजनों ने सूरज के पुवाल में ही सो जाने की बात सोचकर खोजबीन नहीं की थी। मगर दूसरे दिन तुसगांव के तीन मुहान के पास सड़क किनारे सूरज का शव मिलने से सनसनी फैल गई थी।