logo

श्श्श्श्......ओमिक्रॉन आ रहा है! जानिए किस राज्य ने लगाया नाईट कर्फ्यू, क्या कहते हैं हेल्थ एक्सपर्ट

श्श्श्श्......ओमिक्रॉन आ रहा है! जानिए किस राज्य ने लगाया नाईट कर्फ्यू, क्या कहते हैं हेल्थ एक्सपर्ट

द फॉलोअप टीम, डेस्क: 

कोरोना का नया वेरिएंट ओमिक्रॉन अब भारत सहित 25 से अधिक देशों में फ़ैल चुका है। बता दें कि भारत के 16 राज्यों में ओमिक्रॉन ने अपना पैर पसर लिया है। भारत में कुल संक्रमितों का आंकड़ा 358 हो चुका है। महाराष्ट्र, दिल्ली और तेलंगना  सबसे ज्यादा प्रभावित हैं। महाराष्ट्र में अब तक कुल 88 तो दिल्ली में 67 मरीज मिले हैं। तेलंगाना में कुल 38 मामले सामने आ चुके हैं। तमिलनाडु में 34 , कर्नाटक में 31 और गुजरात में 30 मामले सामने आने के बाद गुरुवार को प्रधानमंत्री ने आपात बैठक बुलाकर इसकी समीक्षा की। 

महाराष्ट्र में 31 दिसंबर तक धारा-144 लागू
एहतियात के तौर पर महाराष्ट्र में  31 दिसंबर तक  धारा 144 लागू कर दिया गया है। सार्वजनिक सभा करना  मना  है।  यदि किसी सार्वजनिक समारोह के आयोजन की मंजूरी मिलती भी है तो वहां केवल क्षमता के 50 फीसदी लोग ही शामिल हो सकते हैं। आयोजकों को हिदायत दी गई है कि वे इस बात का ध्यान रखें कि कार्यक्रम में केवल वही लोग शामिल हों जिन्होंने कोविड का दोनों टीका लगवा लिया है। 

दिल्ली में सीएम केजरीवाल ने की समीक्षा
दिल्ली में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ओमिक्रॉन से उपजे हालात की समीक्षा की। कहा कि जरूरत पड़ने पर रोजाना 3 लाख टेस्ट किया जायेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी तैयारी रोजाना 1 लाख मरीजों को लेकर है। डोर-टू-डोर टेस्टिंग की मौजूदा क्षमता 1100 घरों की। आगे इसे बढ़ाकर 1 लाख किया जा सकता है। दिल्ली में क्रिसमस और न्यू ईयर के मौके पर सार्वजनिक समारोह पर रोक लगी है। 

मध्य प्रदेश में लगा दिया गया नाईट कर्फ्यू
ओमिक्रॉन के बढ़ते खतरे के बीच मध्य प्रदेश में नाईट कर्फ्यू का ऐलान किया गया है। राज्य में रात 11 बजे से लेकर सुबह 5 बजे तक नाईट कर्फ्यू लागू रहेगा। गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि प्रदेश में 18 साल से कम उम्र के बच्चों को जिम, थियेटर, सिनेमा और स्विमिंग पूल में एंट्री नहीं करने दिया जायेगा। कहा कि बच्चे भविष्य के भारत के निर्माता हैं। राज्य में कोचिंग संचालक गाइडलाइन का पालन करते हुए पढ़ाई जारी रख सकते हैं। 

यूपी में भी ओमिक्रॉन पर गाइडलाइन जारी
यूपी में भी ओमिक्रॉन को लेकर गाइडलाइन जारी की गई है। यूपी में भी नाईट कर्फ्यू का ऐलान किया गया है। प्रदेश में रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक कर्फ्यू जारी रहेगा। शादी समारोह में केवल 200 लोग ही शामिल हो सकते हैं। डीजीसीए ने गुरुवार को ट्वीट कर जानकारी दी है कि सभी अंतर्राष्ट्रीय कर्मशियल फ्लाइट 31 जनवरी 2022 तक स्थगित रहेगी। आगे बाकी आदेश जारी किया जायेगा। 

डेल्टा वेरिएंट के मुकाबले कमजोर है ओमिक्रॉन
ओमिक्रॉन के लक्षणों की बात करें तो इसमें मरीजों को थकावट, बदन दर्द , तेज सिरदर्द, स्वाद और गंध न आना, बंद नाक, तेज बुखार महसूस होता है। एंजलिक कोएत्जी कहती हैं, इसीलिए हम इसे डेल्टा वेरिएंट की तुलना में कमजोर मान रहे हैं. हालांकि, उन्होंने भी कहा, अस्पताल के स्तर पर हालात बिल्कुल उलट भी हो सकते हैं, लेकिन इस बारे में कुछ भी राय बनाने के लिए समय है. क्योंकि अभी तक ओमिक्रॉन वेरिएंट के ज्यादा संक्रमित अस्पतालों में भर्ती नहीं हुए हैं। 

मास्क ही ओमिक्रॉन के खिलाफ सबसे अच्छा बचाव
डब्ल्यूएचओ की मुख्य चिकित्सा अधिकारी सौम्या स्वामीनाथन का कहना है की मास्क आपके लिए ओमिक्रॉन के खिलाफ सबसे बड़ा बचाव है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव डॉ. राजेश भूषण ने कहा कि भारत में मास्क का इस्तेमाल घटना चिंताजनक है। लोगों को मास्क इस्तेमाल करना चाहिए। सार्वजनिक भीड़-भाड़ वाली जगहों पर जाने से बचना चाहिए।