logo

बोकारो के श्रमिक की मलेशिया में मौत! शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो ने विदेश मंत्री से शव लाने में मांगी सहायता

10232news.jpg
द फॉलोअप टीम, रांची: 

झारखण्ड के बोकारो जिला के पेंक गांव के रहने वाले हरिलाल महतो की मौत 15 जून को हो गई। वे मलेशिया में काम करने के लिए गए थे। काम करने के दौरान ही टावर से गिरने से उनकी मौत हो गई। जानकारी के अनुसार हरिलाल अपने पीछे पत्नी, तीन बेटी और एक बेटा छोड़ गए हैं। हरिलाल महतो का शव मलेशिया में ही है। परिवार वाले शव लाने की गुहार सरकार से लगा रहे हैं। इस बीच राज्य के शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो ने विदेश मंत्री से इस संबंध में मदद मांगी है। 

ट्विटर के जरिए शिक्षा मंत्री को मिली जानकारी
ट्विटर पर खगेन्द्र महतो नाम के एक व्यक्ति ने राज्य सरकार से गुहार लगाते हुए यह जानकारी साझा की थी कि पिछले पांच साल से मलेशिया में काम करने वाले बोकारो जिला के हरिलाल महतो की मौत बीते 15 जून को हो गई है। उनके आश्रितों को उचित मुआवजा दिया जाये साथ ही शव को वतन वापस लाने में मदद की जाये। इस पर शिक्षा मंत्री ने संज्ञान लिया है। 

शिक्षा मंत्री ने विदेश मंत्री से मांगी सहायता
खगेन्द्र महतो के ट्वीट पर शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो ने संज्ञान लिया और विदेश मंत्री डॉ एस जयशंकर से मृतक मजदूर का शव लाने की गुहार लगाई। जगरनाथ महतो ने लिखा " भारत के विदेश मंत्री @DrSJaishankar जी आपसे आग्रह है कि, झारखण्ड राज्य के बोकारो जिला ,ग्राम /पोस्ट - पेंक के निवासी "हरिलाल महतो" मलेशिया में लैरिको टावर कंपनी में कार्यरत थे। विगत 15 जून को टावर से गिरने के कारण उनकी मौत हो गई थी। कृपया उनके शव को उनके पैतृक निवास तक वापस लाने में तथा उनके निर्धन परिजनों को उचित मुआवजा दिलवाने में हम सभी प्रार्थियों का सहयोग करें।