द फॉलोअप टीम, दिल्ली:
कांग्रेस पार्टी से अलगाव की अटकलों के बीच उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और पंजाब कांग्रेस प्रभारी हरीश रावत ने राहुल गांधी से मुलाकात की। दिल्ली में हरीश रावत ने उत्तराखंड कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ जाकर पूर्व पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात की। मुलाकात के बाद मीडिया से मुखातिब हरीश रावत ने कहा कि मैं उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में चुनाव प्रचार का चेहरा बनूंगा।
मीडिया-कर्मियों के सवाल पर रावत का जवाब
मीडिया कर्मियों ने जब हरीश रावत से सवाल पूछा कि क्या वो कांग्रेस पार्टी छोड़ना चाहते हैं। क्या पार्टी आलाकमान से उनकी नाराजगी है। इस सवाल के जवाब में हरीश रावत ने मजाकिया लहजे में कहा कि कदम-कदम बढ़ाये जा, कांग्रेस के गीत गाये जा। गौरतलब है कि बीते दिनों हरीश रावत ने कुछ ट्वीट किये थे। इसमें उन्होंने लिखा था कि अब बस बहुत हो गया। उनके ट्वीट को लेकर अटकलें लगाई जाने लगी थी कि वे पार्टी से नाराज हैं और हो सकता है कि अपना इस्तीफा दे देंगे।

हरीश रावत ने 22 दिसंबर को किया था ट्वीट
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि हरीश रावत ने 22 दिसंबर को सिलसिलेवार ट्वीट के जरिये संकेत दिया था कि वे पार्टी आलाकमान से नाराज हैं। जिस तरीक से पार्टी में नेताओं को भूमिका दी जा रही है वे इस बात से भी नाराज हैं। पहले ट्वीट में हरीश रावत ने लिखा था कि है ना अजीब सी बात। चुनाव रूप समुद्र में तैरना है। सहयोग के लिए सगंठन का ढांचा अधिकांश स्थानों पर सहयोग का हाथ बढ़ाने के बजाय मुंह फेर कर खड़ा हो जा रहा है या नकारात्मक भूमिका निभा रहा है।
हरीश रावत के ट्वीट में नाराजगी का संकेत
अगले ट्वीट में हरीश रावत ने लिखा कि जिस समुद्र में तैरना है वहां सत्ता ने कई मगरमच्छ छोड़ रखे हैं। जिनके आदेश पर तैरना है उनके नुमाइंदे मेरे हाथ-पांव बांध रहे हैं। मन में बहुत बार विचार आ रहा है कि हरीश रावत अब बहुत हो गया। बहुत तैर लिये। अब विश्राम का समय है। हरीश रावत की लिखी इस लाइन को लेकर ही अटकलों का बाजार गर्म हो गया था कि शायद उन्होंने पार्टी से इस्तीफा देने का मन बना लिया है। हेडलाइन में ये भी कहा जाने लगा था कि कांग्रेस के लिए ये बड़ा झटका होगा।

हरीश रावत के ट्वीट पर कैप्टन अमरिंदर की टिप्पणी
आखिरी ट्वीट में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि फिर चुपके से मन के एक कोने से आवाज उठ रही है। न दैन्यं ने पलायनम। बड़ी उहापोह की स्थिति में हूं। नया वर्ष शायद रास्ता दिखा दे। हरीश रावत ने लिखा कि मुझे विश्वास है कि भगवान केदारनाथ जी इस स्थिति में मेरा मार्गदर्शन करेंगे। गौरतलब है कि हरीश रावत के इस ट्वीट पर पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने तंज कसा था।