logo

नॉन कम्युनिकेबल डिजीज की पहचान में झारखंड को तीसरा स्थान, यूनिवर्सल हेल्थ कवरेज दिवस पर मिला सम्मान

नॉन कम्युनिकेबल डिजीज की पहचान में झारखंड को तीसरा स्थान, यूनिवर्सल हेल्थ कवरेज दिवस पर मिला सम्मान

द फॉलोअप टीम, दिल्ली: 

आजादी के अमृत महोत्सव के अवसर पर चलाए गए अभियान के तहत नॉन कम्युनिकेबल डिजीज (कैंसर मधुमेह उच्च रक्तचाप स्ट्रोक) के रोगियों की पहचान में झारखंड को देश में तीसरा स्थान मिला है। यूनिवर्सल हेल्थ कवरेज दिवस 2021 के अवसर पर दिल्ली के होटल अशोका में आयोजित समारोह में केंद्रीय स्वास्थ्य राज्यमंत्री डॉ. भारती पवार ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य अभियान, झारखंड के निदेशक रमेश घोलप को इसके लिए पुरस्कृत किया। इसी समारोह में गुमला के गम्हरिया आयुष्मान भारत-हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर पर कार्यरत सीएचओ अल्का खलको, एएनएम बरेन मिंज तथा सहिया सालो देवी को उत्कृष्ट सेवा प्रदान करने हेतु सम्मानित किया गया।

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा 16 नवंबर से 12 दिसम्बर, 2021 तक स्वास्थ्य सम्बंधी विभिन्न गतिविधियों को लेकर देशभर के विभिन्न राज्यों के क्रियाशील हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर को लक्ष्य का निर्धारण किया गया था। इसमें प्रति सेंटर 100 गैर संचारी रोगों की जांच एवं ईलाज, प्रति सेंटर 10 वेलनेस एक्टिविटी(योगा सेशन, मॉर्निंग वॉक आदि) प्रमुख गतिविधियां थीं। आयुष्मान भारत-हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर के माध्यम से प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं के साथ गैर-संचारी रोगों की रोकथाम एवम इलाज की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

1,633 आयुष्मान भारत-हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर संचालित 
झारखंड में कुल 1,633 आयुष्मान भारत-हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर संचालित है। राज्य के 1,633 आयुष्मान भारत-हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर द्वारा आज़ादी के अमृत महोत्सव के अवसर पर 16 नवंबर से 12 दिसंबर के दौरान कुल 2,33,189 वयस्क व्यक्तियों की स्वास्थ्य जांच की गई, जो भारत सरकार द्वारा निर्धारित लक्ष्य 1,61,900 से 71,289 अधिक है । इस दौरान सभी आयुष्मान भारत-हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर पर स्वास्थ्य संबंधी कुल 15,684 गतिविधियां की गईं जिनमें राज्य के कुल 4,45,853 लोगों ने भाग लिया।