द फॉलोअप टीम, रांची:
झारखंड की राजधानी रांची में ठंड ने सितम बरसाना शुरू कर दिया है। बीते 2 दिन में न्यूनतम तापमान में 4 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई है। रांची का न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बढ़ती ठिठुरन ने ना केवल लोगों बल्कि जानवरों को भी मुश्किल में डाल दिया है। इसी बीच रांची के बिरसा जैविक उद्यान में जंगली जानवरों और पक्षियों को ठंड से बचाने का मुकम्मल उपाय किया गया है। पुख्ता व्यवस्था के बीच जानवर कनकनी का भी मजा लेते दिख रहे हैं।

बिरसा जैविक उद्यान में ठंड का असर
ठंड का प्रभाव बिरसा जैविक उद्यान में भी दिख रहा है। बिरसा जैविक उद्यान के प्रबंधन ने जानवरों को ठंड से बचाने का मुकम्मल उपाय किया है। खास तौर पर बाघ, शेर और तेंदुए को ठंड से बचाने के लिए उनके बाड़ों में जूट का पर्दा लगाया गया है, ताकि ठंडी हवाओं को रोका जा सके। बाड़े के सामने हीटर और ब्लोअर भी लगाया गया है। जानवरों को विटामिन की गोलियां भी दी जा रही हैं। जू में बाघों की देखभाल करने वाले संजय कुमार का कहना है कि शेर और बाघों को बहुत ठंड लगती है।

शेर और बाघों को लगती है ज्यादा ठंड
बिरसा जैविक उद्यान में बाघों की देखभाल करने वाले संजय ने बताया कि शेर और बाघों को ठंड बहुत लगती है। उनको ठंडी हवा से बचाने के साथ-साथ उनके खानपान पर भी ध्यान देना होता है। यही वजह है कि बाड़े के ठीक सामने हीटर और ब्लोअर लगाया गया है ताकि अंदर के तापमान को गर्म रखा जा सके। बिरसा जू के चिकित्सक डॉ. ओमप्रकाश साहू ने बताया कि जानवरों को विटामिन की गोलियां दी जा रही हैं ताकि कनकनी के लिहाज से उनके शरीर में प्रतिरोधक क्षमता बढ़े।

पंक्षियों के कमरे में पुआल बिछाया गया
गौरतलब है कि पंक्षियों के कमरे में भी पुआल बिछाया गया है। ठंड के समय पक्षी अपने बच्चों को पुआल में छिपाते हैं। खुद का भी बचाव करते हैं। मांसाहारी जानवरों को खाने में मांस के साथ-साथ अंडा भी दिया जा रहा है। उनको गर्म सूप भी दिया जा रहा है। लोहरदगा से रेस्क्यू किए गये नवजात बंदरों को ताजा फल दिया जा रहा है। उनको खुली धूप में रखा जा रहा है।

नवंबर से फरवरी तक ठंड रहती है
ठंड के मौसम में बिरसा जू में सैलानियों की संख्या बढ़ी है। नवंबर से फरवरी तक ठंड रहती है। जंगली जानवर धूप सेंकने के लिए बाड़े से बाहर निकलकर धूप में बैठना पसंद करते हैं। इस वजह से सैलानी आसानी से शेर, बाघ और तेंदुए का दीदार कर पाते हैं।