द फॉलोअप टीम, डेस्क:
जवाद चक्रवाती तूफान ने प्रभाव दिखाना शुरू कर दिया है। तूफान फिलहाल बंगाल के पश्चिम-मध्य खाड़ी में विशाखापट्टनम से तकरीबन 200 किमी दक्षिण-पूर्व, गोपालपुर से 340 किमी दक्षिण, पुरी से 410 किमी दक्षिण-पश्चिम और पारादीप से 490 किमी दक्षिण-पश्चिम में केंद्रित है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने ये जानकारी दी। ये धीरे-धीरे तट की तरफ बढ़ना शुरू हो चुका है।
फिलहाल आंध्र प्रदेश में है ज्यादा प्रभाव
गौरतलब है कि फिलहाल इसका ज्यादा असर आंध्र प्रदेश में देखने को मिल रहा है। श्रीकाकुलम जिले में चक्रवात की वजह से लगातार बारिश हो रही है। कुछ स्थानों पर तो 50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवायें चल रही हैं। श्रीकाकुलम के उपायुक्त श्रीकेश बी लथकर ने बताया कि जिले में 79 राहत शिविरों की व्यवस्था की गई है। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और फायर ब्रिगेड की टीमों को अलर्ट पर रखा गया है। जिले भर में टीमों की तैनाती की गई है ताकि आपात स्थिति में मुश्किल ना हो।

आंध्र के तीन जिलों में जारी है भारी बारिश
आंध्र प्रदेश के तीन जिले विशाखापट्टनम, विजयनगरम और श्रीकाकुलम सबसे ज्यादा प्रभावित हैं। इन जिलों में एनडीआरएफ की 11, एसडीआरएफ की 5, भारतीय तटरक्षक दल की 6 टीमों की तैनाती की गई है। साथ ही साथ 10 समुद्री बल की भी तैनाती की गई है। इन जिलों के निचले इलाकों से अब तक तकरीबन 54 हजार 8 लोगों को सुरक्षित निकाला गया है।
इस समय पश्चिम बंगाल पहुंचेगा तूफान
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने बताया कि चक्रवात धीरे-धीरे कमजोर होगा और अगले 12 घंटों में उत्तर की तरफ बढ़ेगा। ओडिशा के उत्तरी-पूर्वी इलाके में 5 दिसंबर को दोपहर तक डीप डिप्रेशन में बदल जायेगा। इसके बाद ये पुरी की तरफ मूव करेगा। यहां से तूफान और कमजोर होता हुआ पश्चिम बंगाल तट की ओर बढ़ेगा। गरज के साथ मध्मम दर्जे की बारिश होगी। तेज हवायें भी चलेंगी।
पुरी में मछुआरों को किया गया सतर्क
इस बीच ओडिशा के पुरी तट पर तेज हवा चल रही है। समुद्र में ऊंची-ऊंची लहरें उठने लगी हैं। चक्रवाती तूफान जवाद की गंभीरता को देखते हुए मछुआरों को सलाह दी गई है कि वे समुद्र में ना जायें। इलाके में लगातार तेज हवा के साथ बारिश हो रही है।