logo

भाजपा नेता अमित मंडल का आरोप, राज्य के राजस्व बढ़ाने की चिंता छोड़ उगाही में लगी है हेमंत सरकार

4170news.jpg
द फॉलोअप टीम, रांची:
कोरोनाकाल का बहाना लगाकार कोई भी सरकार अपनी जिम्मेिवारी से मुंह नहीं मोड़ सकती है। इसी दौरान यूपी, बिहार औऱ दूसरे राज्यों में खूब काम हुए हैं। लेकिन झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार कोरोना का रोना रो रही है। कोरोना संकट के नाम पर राज्य सरकार अपनी विफलता छिपा रही है। केंद्र सरकार पर सहयोग नहीं करने का झूठा आरोप लगा रही है। ये बातें गोड्डा विधायक अमित मंडल ने रांची में कही हैं। वो रविवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रेस से मुखातिब थे। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य के राजस्व बढ़ाने की चिंता छोड़ हेमंत सरकार चंदा उगाही में लगी है।

कोल ब्लॉक नीलामी मामले में जानबूझकर केंद्र का विरोध 
अमित मंडल ने कहा कि राज्य में आर्थिक गतिविधियां सरकार की नादानी से बंद है। टैक्स वसूली के लिये कैसे मैकेनिज्म ठीक करें, इस पर कोई काम नहीं हुआ है। वाणिज्य कर विभाग में ही मैनपावर की भारी कमी रही है। कोल ब्लॉक नीलामी मामले पर जानबूझकर केंद्र का विरोध किया। 9 ब्लॉकों की नीलामी यहां होती तो राज्य को बहुत राजस्व प्राप्त होता,पर अवैध माइनिंग में लगे सरकार में बैठे लोग, अधिकारियों एवं माफियाओं के लाभ को देखते हुए इसमें पहल नहीं की गई।



विकास में सरकार मात्र 20 प्रतिशत राशि ही खर्च कर सकी
अमित मंडल बोले कि राज्य सरकार ने 17000 करोड़ का लक्ष्य निर्धारित किया था। प्रतिमाह आमद में 1400 करोड़ का टारगेट था। पर कमर्शियल टैक्स कलेक्शन बेहद खराब रहा है। अक्टूबर 2020 तक मात्र 31 फीसदी ही कलेक्शन हुआ है। अमित मंडल ने कहा कि रघुवर सरकार में वाणिज्य कर विभाग का कलेक्शन देशभर में सबसे अधिक रहा था।वहीं हेमंत सरकार के आने के बाद 30 प्रतिशत का आंकड़ा भी मुश्किल से पार हो  रहा है। सरकार में अभी तक विकास कार्यों में मात्र 20 प्रतिशत राशि ही खर्च की जा सकी है। 

खुले आम अवैध माइनिंग: किशुन दास
सिमरिया विधायक किशुन कुमार दास ने कहा कि चतरा में एशिया के सबसे बड़ा कोल माइंस है। वहां खुले आम बहुत बड़े पैमाने पर अवैध खेला चल रहा है। संथाल परगना जे तालझाडी में स्टोन माइंस के खदानों में दिन दहाड़े अवैध माइनिंग चल रहीं है। अधिकारियों एवं माफियाओं के साठ गांठ में प्रति ट्रक 1300 रुपया की अवैध कलेक्शन चल रहा है। झामुमो की विधायक सीता सोरेन लगातार सरकार पर अवैध माइनिंग को लेकर ट्वीट करते रही है,लेकिन अवैध पैसे की कमाई में अपनी विधायक की बात को भी यह सरकार अनसुना कर रही है। प्रेस वार्ता में प्रदेश सह मीडिया प्रभारी अशोक बड़ाईक उपस्थित रहे।