logo

Jammu-Kashmir: अनंतनाग में हिजबुल मुजाहिदीन का आतंकी ढेर, बडगाम से 2 दहशतगर्द गिरफ्तार

Jammu-Kashmir: अनंतनाग में हिजबुल मुजाहिदीन का आतंकी ढेर, बडगाम से 2 दहशतगर्द गिरफ्तार

द फॉलोअप टीम, श्रीनगर: 

जम्मू-कश्मीर में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली है। अनंतनाग जिले में 1 आतंकी को मार गिराया गया है। घटना शुक्रवार शाम की है। मिली जानकारी के मुताबिक जम्मू-कश्मीर पुलिस और सुरक्षा बलों ने संयुक्त कार्रवाई में आतंकी को मार गिराया। बता दें कि उपरोक्त मुठभेड़ जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिला स्थित बिजबेहरा इलाके में हुई। अभी भी इलाके में तलाशी अभियान जारी है। 

अनंतनाग के बिजबेहरा इलाके में फायरिंग
घटना के संबंध में मिली जानकारी के मुताबिक पुलिस को सूचना मिली थी कि बिजबेहरा इलाके में कुछ आतंकी छिपे हैं। सूचना के आधार पर जम्मू-कश्मीर पुलिस ने सेना के साथ मिलकर इलाके की घेराबंदी की। मजबूत घेराबंदी से घबराये आतंकी ने गोलीबारी की। सुरक्षाबलों ने मोर्चा संभाला और जवाबी कार्रवाई की। गोलीबारी में 1 आतंकी मारा गया। मारे गए आतंकी की पहचान शहजाद अहमद सेह के रूप में की गई है। मारा गया आतंकी हिजबुल मुजाहिदीन का सक्रिय सदस्य था और कई वारदातों में शामिल रहा था। 

हिजबुल मुजाहिदीन का मेंबर था आतंकी
जम्मू-कश्मीर पुलिस ने अपने आधिकारिक बयान में बताया कि मारा गया आतंकी घाटी में कई वारदातों में शामिल रहा था। पुलिस ने उसके पास से आपत्तिजनक सामग्री सहित भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद किया है। कहा जा रहा है कि वो किसी बड़ी आतंकी साजिश को अंजाम देने की फिराक में था लेकिन सुरक्षाबलों को इसका पता चल गया। बड़ी घटना टल गई। 

बडगाम से 2 आतंकियों को गिरफ्तार किया
इस बीच जम्मू कश्मीर पुलिस ने बताया कि भारतीय सेना और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के साथ मिलकर पुलिस ने बडगाम के चदूरा इलाके से 2 आतंकवादियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आतंकी लश्कर-ए-तैयबा के सक्रिय सदस्य हैं। पुलिस को उनके पास से आपत्तिजनक सामग्री, 2 हथगोला, 2 एके-27 मैगजीन, 30 जिंदा एके-47 कारतूस बरामद किया गया है। आगे की कार्रवाई जारी है।