द फॉलोअप टीम, दिल्लीः
भारत में ओमिक्रॉन के खतरे को देखते हुए भारत में वैक्सीनेशन की रफ्तार तेज कर दी गई है। ओमिक्रॉन वैक्सीन से मिली इम्यूनिटी को भी चकमा दे सकती है इसलिए अब बूस्टर की भी मांग तेज हो रही है। देश के प्रसिद्ध हेल्थ एक्सपर्ट्स ने बताया है कि ओमिक्रॉन वैरिएंट से बचाव के लिए बूस्टर की डोज की मांग हो रही है। AIIMS के निदेशक डॉक्टर रणदीप गुलेरिया ने कहा कि अब तक मिले डाटा के अनुसार ओमिक्रॉन में हल्की बीमारी के ही लक्षण दिख रहे हैं। जैसे-जैसे मामले बढ़ेंगे हमें इसके लक्षणों के बारे में अधिक पता चल पाएगा। उन्होंने कहा कि इससे बचाव के लिए जरूरी है वैक्सीन की दोनों डोज लगवाना।

बूस्टर है जरूरी
स्टार इमेजिंग और पैथ लैब्स के निदेशक डॉक्टर समीर भाटी ने बूस्टर को जरूरी बताया और कहा , 'भारत में वैक्सीन की इतनी संख्या है कि फ्रंट लाइन वर्कर्स को बूस्टर लग जाए। हालांकि, अभी कई लोगों को दूसरी डोज नहीं लगी है लेकिन हेल्थ केयर वर्कर्स को तीसरी डोज दिया जाना बहुत जरूरी है.' नीति आयोग के डॉक्टर वी.के. पॉल ने बताया कि भारत में बूस्टर डोज पूरी तरह वैज्ञानिक निर्णय होगा। परिस्थिती के हिसाब से बूस्टर दिए जाने पर विचार किया जाएगा।

पर्यटन को रोक देना चाहिए
दिल्ली के ILBS अस्पताल के डायरेक्टर डॉक्टर एस के सरीन ने कहा, 'बूस्टर बहुत जरूरी है। जब आप किसी वैक्सीन की दो डोज लेते हैं तो आपका सुरक्षा स्तर, विशेष रूप से 3 से 6 महीने के बाद कम होता जाता है। बूस्टर के बाद अस्पताल में भर्ती होने की संभावना कम हो जाती है। जसलोक अस्पताल के मेडिकल रिसर्च ऐंड न्यूरोफिजिसिस्ट डायरेक्टर डॉक्टर राजेश पारिख ने कहा कि फिलहाल पर्यटन को रोक देना चाहिए। हमें होशियारी से काम लेना होगा। पिछली लहर की तुलना में हम से तैयार हैं लेकिन अचानक से आने वाले इस संक्रमण के लिए पूरी दुनिया तैयार नहीं है।