logo

पत्नी की हुई मौत तो पति ने सदमे में तोड़ा दम, एक साथ निकली दंपत्ति की शव यात्रा

7789news.jpg
द फॉलोअप टीम, रामगढ़:

​​​छतरपुर थाना क्षेत्र में एक ही घर से दो लोगों की एक साथ शव यात्रा निकली। पहले पत्नी की मौत हुई थी जिसका सदमा पति सहन ना कर सके। उनकी भी जान चली गई। सोमवार को दोनों का एक साथ ही अंतिम संस्कार हुआ। पति-पत्नी का एक ही साथ निधन होने से इलाका गमगीन हो गया। 

पत्नी बीमार थी पति को आया हार्ट अटैक
जानकारी के मुताबिक 62 वर्षीय लीलावती देवी कई दिनों से बीमार थीं। सोमवार की अहले सुबह उनकी मौत हो गई। उनके अंतिम संस्कार की तैयारी हो ही रही थी कि अचानक सुबह 8 बजे मृतक के 65 वर्षीय पति विश्वनाथ गुप्ता की तबीयत खराब हो गयी। उन्हें  अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। 

एक ही साथ की गयी दंपत्ति की अंत्येष्टि
डॉक्टरों के मुताबिक विश्वनाथ गुप्ता की हार्ट अटैक से मौत हो गयी है। दोनों के इस तरह मौत के बाद परिवार वाले काफी शोक में हैं। छतरपुर के मन्देया नदी तट पर दंपती का एक साथ अंतिम संस्कार किया गया। दंपती के पीछे एक भरा पूरा परिवार है। उनके 4 बेटे और 3 बेटियां है।