logo

देवघर में रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक धारा-144 लागू, क्या है वजह! 

देवघर में रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक धारा-144 लागू, क्या है वजह! 

द फॉलोअप टीम, देवघर: 

देवघर में रात 10 बजे से लेकर सुबह 6 बजे तक धारा-144 के अंतर्गत निषेधाज्ञा लागू रहेगी। गौरतलब है कि शादी-विवाह में इन दिनों धड़ल्ले से डीजे का इस्तेमाल हो रहा है। स्वास्थ्य के साथ-साथ पर्यावरण पर भी इसका गलत प्रभाव पड़ रहा है। शादी-विवाह, बारात और ट्रॉली सहित पिकअप वैन आदि पर बड़े-बड़े साउंड सिस्टम लगाकर तेज आवाज में दिन और रात गाने बजाये जा रहे हैं। गौरतलब है देवघर जिला प्रशासन को लगातार इसकी शिकायत मिल रही थी। 

एसडीओ ने जारी किया अहम आदेश
रात में म्यूजिक के शोर से संबंधित मिल रही शिकायतों को संज्ञान में लेते हुए देवघर एसडीओ दिनेश यादव द्वारा देवघर अनुमंडल अंतर्गत सभी विवाह स्थल, बैंक्विट हॉल, मैरिज हॉल एवं होटल की 500 गज की परिधि में रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक धारा-144 के तहत निषेधाज्ञा लागू करने का निर्देश दिया गया है। इस आदेश के तहत रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक सभी प्रकार के ध्वनि विस्तारक यंत्र तथा डीजे का प्रयोग पूरी तरह से निषेध रहेगा। 

डीजे बनाने के लिए एसडीओ की मंजूरी जरूरी
गौरतलब है कि सभी विवाह स्थल, बैंक्विट हॉल, मैरिज हॉल, होटल एवं डीजे संचालक को इस आदेश का अनुपालन सुनिश्चित करने का आदेश दिया गया है। उक्त समयावधि के अतिरिक्त ध्वनि विस्तारक यंत्र अथवा डीजे बजाने के लिए निश्चित रूप से अनुमंडल पदाधिकारी से अनुमति प्राप्त करना अनिवार्य होगा। बिना अनुमति के प्रयोग करने पर ध्वनि प्रदूषण (विनियन औऱ निंयत्रण) नियम-2000 के तहत इसे जब्त करते हुए जरूरी कानूनी कार्रवाई की जायेगी।