logo

पहले दूल्हे से किया दोस्ती, फिर ले उड़े कार...राज्य में वाहन चोर गिरोह सक्रिय

पहले दूल्हे से किया दोस्ती, फिर ले उड़े कार...राज्य में वाहन चोर गिरोह सक्रिय

द फॉलोअप टीम, रांचीः

बुढ़मू थाना क्षेत्र के पाथकोई गांव से एक लूटपाट का मामला सामने आया है। यहां 28 नवंबर को आई बारात में पहले लुटेरों ने दूल्हे के साथ दोस्ती कर ली।  बाद में जब दूल्हा गाड़ी से नहाने जा रहा था, तो लुटेरे भी कार में उसके साथ बैठ गए। रास्ते में मारपीट की और गाड़ी लेकर फरार हो गए थे। अंतर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह की सरगना लवली सिंह ने पूछताछ में बताया कि झारखंड में उसके गिरोह के सदस्य कीमती कार की चोरी करते थे और लवली सिंह इसे बिहार में ले जाकर फर्जी नंबर प्लेट लगा कर बेच देती थी। 

फर्जी कागज बनवा लेते हैं 
जानकारी के मुताबिक गिरोह की पकड़ पटना में परिवहन विभाग में भी है और ये लोग कारों का कागज भी बनवा लेते थे। चोर गिरोह के सदस्यों के मोबाइल भी पुलिस ने जब्त कर लिए हैं।  गिरोह के बारे में पुलिस को इनके कुछ अन्य सदस्यों के नाम भी पता चले हैं। ग्रामीण एसपी नौशाद आलम ने बताया कि अब इन सदस्यों का पता लगा कर इन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। घटना में लूटी गई सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार, चोरी की सफेद रंग की क्रेटा कार, लाल रंग की ब्रेजा कार, दो सेट फर्जी नंबर प्लेट, बोलेरो गाड़ी का इकरारनामा और बोलेरो गाड़ी की फर्जी आर सी बुक, 6 मोबाइल और 34500 बरामद हुआ।

अब तक 1499 वाहन नहीं मिला है 
झारखंड में राज्यीय और अंतर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह सक्रिय है। ये चोर वाहनो को चुराकर उन्हे कम दामों में बेच देते हैं। इधर झारखंड पुलिस साल 2021 में चोरी हुए हजारों वाहनों को अब तक नहीं ढूंढ़ पाई है। झारखंड पुलिस करीब 1499 वाहनों को नहीं ढूंढ पायी है। यह आंकड़ा इस साल जनवरी से लेकर अगस्त महीने तक का है। यानि जनवरी से लेकर अगस्त तक 1499 वाहनों की चोरी की गई है। इन वाहनों में बाइक, कार, ट्रक, ऑटो शामिल है।