द फॉलोअप टीम, रांचीः
20 और 21 दिसंबर को रांची के बिरसा कृषि विश्वविद्यालय में भारतीय कृषि विश्वविद्यालय संघ (आइएयू) का 45वां वार्षिक अधिवेशन आयोजित किया जा रहा है। यह अधिवेशन कृषि विश्वविद्यालयों के स्तर, टिकाऊपन एवं सामाजिक प्रभाव में वृद्धि के तौर-तरीकों एवं रणनीतियों पर चर्चा के लिए किया जा रहा है। अधिवेशन की मेजबानी बीएयू कर रहा है। अधिवेशन में देशभर के कृषि, बागवानी, पशु चिकित्सक एवं मत्स्यिकी विश्वविद्यालयों के कुलपति शामिल हो रहे हैं।

तीसरी बार मेजबानी कर रहा
बीएयू के कुलपति डॉ. ओंकार नाथ सिंह ने बताया कि अधिवेशन का उद्घाटन राज्यपाल रमेश बैस 20 दिसंबर को शाम 4:30 बजे रांची कृषि महाविद्यालय के प्रेक्षागृह में करेंगे। मौके पर भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद, नई दिल्ली के उप महानिदेशक (शिक्षा) डॉ. आरसी अग्रवाल उपस्थित रहेंगे। बीएयू तीसरी बार इसकी मेजबानी कर रहा है। इससे पहले वर्ष 2013 और 2007 में बीएयू मेजबानी कर चुका है।
ये कुलपति होंगे शामिल
अधिवेशन में भारतीय कृषि विश्वविद्यालय के अध्यक्ष तथा सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, मेरठ के कुलपति डॉ. आरके मित्तल, आइएयूए के महासचिव सह डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, समस्तीपुर के कुलपति डॉ. आशीष श्रीवास्तव सहित उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, ओडिशा, महाराष्ट्र, बिहार, नई दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, तमिलनाडु, तेलंगाना, कर्नाटक, केरल, पश्चिम बंगाल, गुजरात, कश्मीर आदि राज्यों में स्थित विश्वविद्यालयों के कुलपति शामिल हो रहे हैं।