logo

ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह को लेकर सामने आई बड़ी जानकारी, हेलिकॉप्टर क्रैश में हुए थे ज'ख्मी

ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह को लेकर सामने आई बड़ी जानकारी, हेलिकॉप्टर क्रैश में हुए थे ज'ख्मी

द फॉलोअप टीम, दिल्ली: 

तमिलनाडु हेलिकॉप्टर क्रैश में एकमात्र जीवित बचे ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह को लेकर बड़ी अपडेट सामने आई है। इंडियन एयरफोर्स ने वरुण सिंह को लेकर नई जानकारी दी है। एयरफोर्स ने बताया कि वरुण सिंह की हालत अभी भी नाजुक है लेकिन स्थिर बनी हुई है। गौरतलब है कि 8 दिसंबर को तमिलनाडु में नीलगिरि जिला स्थित कुन्नूर की पहाड़ियों में इंडियन एयरफोर्स का हेलिकॉप्टर क्रैश हो गया था। हादसे में सीडीएस जनरल बिपिन रावत और उनकी पत्नी मधुलिका रावत सहित 13 लोग मारे गये थे। 

बेंगलुरु कमांड हॉस्पिटल में भर्ती वरुण सिंह
इंडियन एयरफोर्स ने अपने ताजा बयान में बताया कि ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह फिलहाल बेंगलुरु कमांड अस्पताल में भर्ती हैं। उनको लाइफ सपोर्ट सिस्टम पर रखा गया है। गौरतलब है कि हादसे के तुरंत बाद उनको वेलिंग्टन स्थित आर्मी हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया था। बाद में बेहतर इलाज के लिए उनको बेंगलुरु स्थित कमांड हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया। 2 दिन पहले प्रधानमंत्री ने कहा था कि ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह के जल्दी स्वस्थ होने के लिए पूरा देश प्रार्थना कर रहा है। वे जल्दी ठीक होंगे। 

हेलिकॉप्टर क्रैश में एकमात्र जीवित बचे शख्स
8 दिसंबर को तमिलनाडु के सुलूर आर्मी बेस से वेलिंग्टन जाते समय भारतीय वायु सेना का एमआई 17वी-5 हेलिकॉप्टर कुन्नूर की पहाड़ी पर क्रैश हो गया था। हेलिकॉप्टर में देश के पहले प्रमुख रक्षा अध्यक्ष जनरल बिपिन रावत, उनकी पत्नी मधुलिका रावत, ब्रिगेडियर और लेफ्टिनेंट कर्नल स्तर के 2 अधिकारी, सीडीएस के सुरक्षा गार्ड्स और चालक दल के 3 सदस्य सवार थे। चालक दल के तीन सदस्यों में से 2 विंग कमांडर पृथ्वी सिंह चौहान और स्क्वाड्रन लीडर कुलदीप शहीद हो गये थे। 

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लोकसभा में क्या कहा! 
9 सितंबर को लोकसभा में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बताया था कि हेलिकॉप्टर में सवार 14 में से 13 लोगों की जान चली गई। हादसे में एकमात्र जीवित बचे ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह की हालत नाजुक है। रक्षा मंत्री ने बताया था कि डॉक्टर उनकी जान बचाने के लिए हरसंभव प्रयास कर रहे हैं।